Bhilwara : जिला अभिभाषक संस्था ने अधिवक्ता कॉलोनी तथा पार्किंग समस्या के समाधान की उठाई मांग, सौंपा ज्ञापन
जिला अभिभाषक संस्था अधिवक्ताओं के अधिकारों और सुविधाओं के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगी: अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जिला अभिभाषक संस्था के पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में संस्था अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहरलाल बुनकर, कोषाध्यक्ष गोरानी, सह सचिव आदित्य सिंह चौहान, पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली सहित कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

संस्था अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ ने बताया कि भीलवाड़ा में अधिवक्ताओं के लिए एक अधिवक्ता कॉलोनी की लंबे समय से मांग की जा रही है। उन्होंने जिला कलेक्टर को अवगत कराया कि अधिवक्ता हितों के लिए स्वायत्त शासन विभाग जयपुर द्वारा 10 सितंबर 2021 को नगर परिषद की स्वामित्व वाली 18 बीघा भूमि ग्राम सांगानेर में जिला एवं सेशन न्यायालय भीलवाड़ा को आवंटित की गई थी। वर्तमान में 62 बीघा भूमि जिला न्यायालय को आवंटित हो चुकी है, जो उक्त 18 बीघा भूमि के निकट स्थित है। ऐसे में संस्था ने मांग की कि उक्त 18 बीघा भूमि एवं आसपास की खाली सरकारी भूमि को अधिवक्ता कॉलोनी हेतु आरक्षित कर रियायती दर पर भूखंड आवंटित किए जाएं।
Bhilwara : ऑल इंडिया राजीव गांधी बिग्रेड द्वारा राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
इस पर जिला कलेक्टर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि 18 बीघा भूमि को अधिवक्ता कॉलोनी हेतु आरक्षित करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। इसके साथ ही संस्था पदाधिकारियों ने न्यायालय परिसर में व्याप्त पार्किंग समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में न्यायालय परिसर में पार्किंग निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण अधिकांश वाहन सड़क पर खड़े रहते हैं और आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने के साथ आए दिन जाम की स्थिति बनती है।
इस समस्या के समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक आवास के सामने स्थित पार्क के पास खाली स्थान को पार्किंग हेतु उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया गया। इस पर जिला कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर उक्त स्थान पार्किंग के लिए उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। संस्था अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ ने कहा कि जिला अभिभाषक संस्था सदैव अधिवक्ता हितों के लिए कार्य करती आई है और अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना संस्था का प्रमुख ध्येय है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी अधिवक्ताओं के अधिकारों और सुविधाओं के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगी।
Bhilwara : जिला अभिभाषक संस्था ने अधिवक्ता कॉलोनी तथा पार्किंग समस्या के समाधान की उठाई मांग, सौंपा ज्ञापन




















