Bhilwara : प्रदेशव्यापी कर्मचारी जागृति यात्रा के पांचवें दिन भीलवाड़ा में गूंजी कर्मचारियों की बुलंद आवाज
सैकड़ों कर्मचारियों ने किया स्वागत, विभिन्न मांगो को लेकर दिखाई एकजुटता, संघर्ष को और तेज करने का लिया संकल्प
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल): अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) द्वारा प्रदेशभर में कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को लेकर निकाली जा रही प्रदेशव्यापी कर्मचारी जागृति यात्रा के पांचवें दिन शुक्रवार को भीलवाड़ा में कर्मचारियों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। झालावाड़ से रवाना होकर भीलवाड़ा पहुंची यात्रा का सैकड़ों कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान आयोजित सभा में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए सरकार तक अपनी आवाज मजबूती से पहुंचाने का संकल्प लिया। कर्मचारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब उनकी जायज एवं वर्षों से लंबित मांगों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार के समक्ष कर्मचारियों की लंबित एवं न्यायोचित मांगों को प्रभावी ढंग से रखना है।
Bhilwara : संजय कॉलोनी चारभुजा मंदिर में गूंजे शंखनाद, भव्य कलश यात्रा के साथ 26वां पाटोत्सव एवं भागवत कथा शुरू
यात्रा के दौरान महासंघ ने आरजीएचएस के निजीकरण पर रोक लगाने, सरेंडर लीव का भुगतान तत्काल जारी करने, 8, 16, 24 एवं 32 वर्ष पर चयनित वेतनमान का लाभ देने, बजट घोषणाओं को लागू करने, संविदा एवं ठेका कर्मियों को नियमित करने, मंत्रालय कर्मचारियों की द्वितीय पदोन्नती पर ग्रेड पे 4200 करने, पदोन्नति में दो वर्ष की छूट बिना शर्त लागू करने तथा वाहन चालक एवं तकनीकी कर्मचारियों जैसे आइसोलेट संवर्गों को पदोन्नति पर आर्थिक लाभ देने, होमगार्ड को 12 महीने रोजगार, महीला आंगनबाड़ी को सेवानिवृत्ति पर 3 लाख ग्रेच्युटी की बजट घोषणा को पूर्ण करने सहित 25 सूत्रीय मांग पत्र पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा के दौरान महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब तक मांगें पूरी नहीं होती तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर महासंघ के महामंत्री मोहनलाल शर्मा, उपाध्यक्ष अजयवीर सिंह, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शेर सिंह यादव, अधीनस्थ के ओम प्रकाश चौधरी, राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) के अध्यक्ष डॉ. रणजीत मीना, वन विभाग अध्यक्ष प्रकाश यादव, राजस्थान रोडवेज मंत्रालय अधीनस्थ संघ के महेश धाकड़, शशि कुमार शर्मा, वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ के प्रभु सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष अमित व्यास ने यात्रा को मिले अभूतपूर्व समर्थन के लिए सभी साथियों का आभार व्यक्त किया और चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

Bhilwara : प्रदेशव्यापी कर्मचारी जागृति यात्रा के पांचवें दिन भीलवाड़ा में गूंजी कर्मचारियों की बुलंद आवाज




















