अलवर: जिले में स्कूली बच्चियों व महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए जिले में लाडली सुरक्षा योजना के तहत 126 स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे. वहीं एक पोल पर दो कैमरे लगाए जाएंगे. जिसका कार्य डीओआईटी विभाग की ओर से किया जा रहा है. इसके लिए विभाग की ओर से 57 लोकेशन पर कार्य शुरू कर दिया गया है. हालांकि मानसून में बारिश के चलते फिलहाल कैमरे लगाने के कार्य की चाल धीमी हुई है. इस योजना के अंतर्गत पुलिस प्रशासन व डीओआईटी के संयुक्त समन्वय से कार्य किया जा रहा है.
डीओआईटी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से संचालित लाडली सुरक्षा योजना के तहत स्कूली बच्चियों व महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले में कैमरे लगाए जा रहे हैं. इसके लिए करीब 126 लोकेशन को चिन्हित किया गया है. उन्होंने बताया कि जिले में करीब 250 कैमरे के माध्यम से महिला अपराध को रोकने की योजना है. साथ ही जरूरत पड़ने पर कैमरे की संख्या बढ़ाई जाएगी.
उन्होंने कहा कि फिलहाल 57 स्थानों पर फाउंडेशन का कार्य कर पोल लगाए जा चुके हैं. डिप्टी डायरेक्टर शर्मा ने बताया कि फिलहाल मानसून का सीजन जारी है. सुरक्षा की दृष्टि के चलते इलेक्ट्रीशियन के कार्य की गति में कमी आई है. जिससे कि कोई दुर्घटना न हो सके, वहीं अन्य कार्य निरंतर जारी है. उन्होंने बताया कि चिन्हित स्थानों पर फाउंडेशन कार्य के बाद पोल पर कैमरे लगाए जाएंगे. इसके बाद विद्युत विभाग से कनेक्शन लेकर यह कैमरे महिला सुरक्षा के लिए कार्य करेंगे. जल्द ही यह कार्य पूरा होगा.
शहर में 38 लोकेशन पर लगेंगे कैमरे: डिप्टी डायरेक्टर रमेश चंद शर्मा ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अलवर शहर में करीब 38 लोकेशन पर कैमरे लगाए जाएंगे, जिनका कार्य जारी है. अलवर शहर में महिला अपराध के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए 38 लोकेशन का चयन किया गया है. जिसके चलते अपराधियों पर तीसरी आंख से पैनी नजर रखी जा सके. शहर में लगने वाले कैमरे की मदद से निश्चित ही अपराध के ग्राफ में कमी आएगी.
पुलिस के समन्यव के साथ कर रहे कार्य: डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि लोकेशन को चयनित कर पुलिस विभाग को भेजा गया, जहां से अप्रूवल मिलने के बाद विभाग की ओर से फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गई. इसके बाद यह कार्य शुरू किया गया. वहीं एडिशनल एसपी डॉ तेजपाल सिंह ने बताया कि जिले के संबंधित थाना प्रभारी को कैमरे लगाने की लोकेशन को भेजा गया, वहां से अप्रूव होने के बाद विभाग को यह लोकेशन भेजी गई है. जिले में सार्वजनिक स्थानों के साथ महिलाओं के स्कूल व कॉलेज के आसपास कैमरे लगाए जाएंगे. जिससे कि स्कूल आने जाने व सड़क पर चलने वाली महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं में कमी लाई जा सके.
यहां लगाए जाएंगे कैमरे: डीओआईटी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में प्रतापगढ़, अकबरपुर, कठूमर, बहतूकला, मालाखेड़ा, वैशाली नगर, विजय मंदिर, उद्योग नगर, गोविंदगढ़, बगड़ तिराहा, टहला, सदर, नौगावां, खेडली, कोतवाली, रामगढ़, एनईबी, लक्ष्मणगढ़, रेणी, शिवाजी पार्क, अरावली विहार, राजगढ़, थानागाजी थाना क्षेत्र सहित 126 जगह पर कैमरे लगाएं जाएंगे.




















