जोधपुर: शहर में शनिवार की देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया. आरोप है कि बी रोड निवासी युवक ने चाकू से तीन नवजात डॉग्स की हत्या कर शव पॉलिथीन में भरकर डस्टबिन में डाल दिए. घटना का सीसीटीवी फुटेज रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आरोपी नवजात डॉग्स पर वार करता और बाद में शव फेंकता हुआ दिखाई दिया है. इसके बाद पशु प्रेमियों ने हंगामा शुरू कर दिया.
पशुप्रेमियों का गुस्सा और हंगामा: वीडियो सामने आने के बाद नेहरू पार्क निवासी अदिति बरड़िया और सामाजिक कार्यकर्ता पंकज मिश्रा सहित कई डॉग लवर आरोपी के घर पर जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी युवक को सरदारपुरा थाने लेकर पहुंची, लेकिन लोग थाने के बाहर भी जमा हो गए और हंगामा किया. लोगों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए नारेबाजी की और धरना दिया. पुलिस को भीड़ को शांत करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
पुलिस की कार्रवाई: एसीपी छवि शर्मा ने बताया कि आरोपी आकाश खन्ना को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आरोपी को कड़ी सुरक्षा में घर से निकालकर थाने पहुंचाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ.
बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी युवक अपने घर के बाहर बैठा नजर आया. ये वीडियो शनिवार देर रात 1:18 बजे का है, जिसमें वह चाकू से नवजात डॉग्स को मारता हुआ दिखाई दे रहा है. हत्या करने के कुछ देर बाद वह घर में जाकर एक पॉलिथीन लेकर आया और डॉग्स को उसमें डालकर डस्टबिन में फेंक दिया.




















