कोटा: जिले के सुल्तानपुर कस्बे में भारी बारिश के बाद मकान की छत गिर गई. हादसा रात में हुआ और दंपती चपेट में आ गए. महिला की मौत हो गई है जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद लोग गुस्सा हो गए, जो प्रशासन के उचित मुआवजे के आश्वासन पर शांत हुए.
सुल्तानपुर थाना अधिकारी सत्यनारायण मालव ने बताया कि घटना इस्लामनगर के घर में हुई. दंपती कमरे में सो रहे थे कि शनिवार रात 1:00 बजे कमरे की छत गिर गई. इसके मलबे में यासमीन (28) और पति जावेद अख्तर दब गए. परिजन दोनों को तत्काल सुल्तानपुर अस्पताल ले गए, जहां से कोटा रेफर कर दिया. कोटा के एमबीएस अस्पताल में यासमीन ने दम तोड़ दिया, जबकि जावेद का इलाज चल रहा है. गनीमत रही कि इनका 3 वर्षीय बेटी हिफजा दादा-दादी के पास सो रही थी. दंपती के कक्ष के दूसरे कमरा भी क्षतिग्रस्त हो गया.
लोगों ने जताया रोष: सुबह यासमीन की मौत और जावेद के गंभीर घायल होने की सूचना मिलते ही लोग एकत्र हो गए. लोगों ने रोष जताया. स्थिति संभालने के लिए दीगोद एसडीएम दीपक महावर और नगरपालिका ईओ राजूलाल मीणा मौके पर पहुंचे. लोगों से बातचीत की. ग्रामीणों ने आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए, मृतका की बच्चे को पालनहार योजना से जोड़ना और निशुल्क शिक्षा दिलाने की मांग की.
एसडीएम महावर ने कहा कि प्रशासन की तरफ से मृतक महिला के परिजनों को मुआवजा और क्षतिग्रस्त मकान के लिए आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रपोजल भेजा जाएगा. इसके साथ ही पति को नगर पालिका में संविदा पर नौकरी भी देने का आश्वासन दिया.




















