कोटा: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में स्थित चंबल नदी के सबसे बड़े बांध गांधी सागर डैम में लगातार पानी की आवक बनी हुई है. डैम का जलस्तर 1308.07 फीट तक पहुंच गया है. इसी वजह से लेवल मेंटेन करने के लिए गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी गई है. इसके चलते राजस्थान के चित्तौड़गढ़, कोटा और धौलपुर तक चंबल नदी में तेज बहाव रहेगा. इसको देखते हुए कोटा जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और निचली बस्तियों में एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं.
57339 क्यूसेक पानी छोड़ा: जल संसाधन विभाग के कंट्रोल रूम प्रभारी और सहायक अभियंता नीतिका पारेता ने बताया कि शनिवार दोपहर 3:00 बजे गेट खोलकर 57339 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई है. गांधी सागर डैम की भराव क्षमता 1312 फीट है, जिसमें कुल 7164.94 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी आ सकता है. फिलहाल डैम में 6449.32 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी पहुंच चुका है. वर्तमान में 1.65 लाख क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, इसलिए गेज 1308 फीट पर ही गेट खोल दिए गए हैं.
कोटा बैराज से होगा 90 हजार क्यूसेक डिस्चार्ज: चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा में स्थित राणा प्रताप सागर बांध से करीब 66 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. वहीं, बूंदी जिले के जवाहर सागर बांध से भी गेट और मशीन के जरिए पानी डिस्चार्ज हो रहा है. नीतिका पारेता ने बताया कि शाम 4:30 बजे तक यह पानी कोटा पहुंचेगा, जिसके बाद कोटा बैराज से 90 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा. पानी की स्थिति को देखते हुए चंबल की नयापुरा छोटी पुलिया पर यातायात को बंद कर दिया गया है. साथ ही बहाव क्षेत्र से लोगों को दूर रहने की मुनादी करवाई जा रही है.




















