जोधपुर: केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को कहा कि राजस्थान की पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी कई मायनों में अहम है. यह रिफाइनरी इकोनॉमिक फेक्टर से भी महत्वपूर्ण है. इसमें राजस्थान की हिस्सेदारी समेत सभी विवाद सुलझा लिए गए हैं. रिफाइनरी जल्द शुरू करने प्रयास हैं. पुरी जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात कर रहे थे. वे यहां से बालोतरा जिले के पचपदरा क्षेत्र में रिफाइनरी का दौरा करेंगे.
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मीडिया से कहा कि पचपदरा रिफाइनरी को लेकर हम फाइनल स्टेज पर पहुंच चुके हैं. रविवार को मुख्यमंत्रीजी और हम देखेंगे कि वहां क्या और कैसी परिस्थितियां है. यह पूछे जाने पर कि रिफाइनरी कब शुरू होगी. पुरी बोले- इसके अलग-अलग कंपोनेंट्स हैं, जिन्हें देखना जरूरी है. कितनी प्रोग्रेस है, यह जानने पहले भी यहां पर आया था. राजस्थान की हिस्सेदारी पर मंत्री पुरी ने कहा कि अब सभी तरह के इश्यू सॉल्व कर लिए हैं. जल्द तय होगा कि रिफाइनरी कब शुरू होगी. केंद्रीय मंत्री पुरी के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे और पचपदरा रवाना हुए.
तब कहा था, घटाएंगे हिस्सेदारी : पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार में केंद्र और राज्य सरकार के बीच रिफाइनरी में हिस्सेदारी की बकाया राशि को लेकर खींचतान चली थी. राज्य सरकार का रिफाइनरी में हिस्सा 25 प्रतिशत है. इससे पहले फरवरी 2023 में हरदीप पुरी यहां आए थे, तब कहा था कि राज्य सरकार ने बकाया पैसा जमा नहीं कराया है. अगर राज्य सरकार पैसा पूरा नहीं जमा करती तो उसकी हिस्सेदारी घटाकर 16 प्रतिशत कर दी जाएगी. मंत्री पुरी ने रविवार को कहा कि हमने सभी समस्याएं सुलझा ली है. माना जा रहा है कि राज्य सरकार की हिस्सेदारी का विवाद सुलझा लिया गया है. रिफाइनरी शुरू करने में अड़चन नहीं आएगी.




















