जयपुर: राजधानी जयपुर के मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में बदमाशों ने नौकरी दिलवाने के बहाने दो युवकों के अपहरण और लूट की वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद दोनों युवकों को सुनसान जगह पर छोड़कर भाग गए. मालपुरा गेट थाना पुलिस ने तकनीकी आधार पर पीछा करते हुए वारदात में शामिल सात आरोपियों को टोंक से पकड़ लिया. उन्हें जयपुर लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया.
जयपुर (पूर्व) डीसीपी संजीव नैन ने बताया कि उस्मान खान के अपहरण और लूट की वारदात के आरोप में राजवीर मीणा, कमलेश बैरवा, सुरेश गुर्जर, तेजवीर सिंह राठौड़, राजवीर जाटव, हनी सिंह जादौन और शिव विजय उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है. इनके खिलाफ पहले भी चोरी, मारपीट और लूट के मुकदमे दर्ज हैं.
कार में बिठाकर ले गए, मारपीट कर लूटा: उन्होंने बताया कि सिलाई-बुनाई की कंपनी में काम करने वाले उस्मान खान ने 23 अगस्त को मुकदमा दर्ज कराया था. उसने रिपोर्ट में बताया कि 22 अगस्त को एक शख्स ने उसे दूसरी नौकरी दिलवाने के बहाने बुलाया. वह अपने साथी दीपक वर्मन के साथ रीको पुलिया पहुंचा, जहां कार खड़ी थी. दो लड़कों ने उसे कार में बिठा लिया और साथी दीपक की बाइक पर बैठ गए. वे उन्हें पत्रकार कॉलोनी में निर्माणाधीन बिल्डिंग में ले गए. जहां कमरे में दोनों से मारपीट की और नकदी छीन ली. उन्होंने उनके खाते से 11 हजार रुपए भी ट्रांसफर कर लिए. इसके बाद दोनों के मोबाइल रख लिए. बदमाशों ने दोनों की आंखों पर पट्टी बांधकर दुबारा गाड़ी में बिठाया और सुनसान जगह ले जाकर छोड़ दिया. बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की भी धमकी दी.
सीसी कैमरे खंगाले: डीसीपी नैन ने बताया कि इस मामले के खुलासे के लिए गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई. बदमाशों के बारे में जानकारी हाथ लगने पर एक टीम टोंक के देवली रवाना की. टीम ने पहचान कर बदमाशों को पकड़ लिया और लूटी गई नकदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली.
चार आरोपियों पर पहले भी मुकदमे: उन्होंने बताया कि वारदात में शामिल राजवीर मीणा बनेठा (सवाई माधोपुर) का रहने वाला है. वह पटेल मार्ग (मानसरोवर) में रहता है. उस पर एक केस पहले से है. कमलेश बैरवा इंदौली (टोंक) का है, जो सुमेर नगर (मांग्यावास) में रहता है. सुरेश गुर्जर गेजी (दूदू) का रहने वाला है और यहां पत्रकार कॉलोनी में रहता है. उसके खिलाफ पहले तीन मुकदमे दर्ज हैं. तेजवीर सिंह कालवा (नागौर) का रहने वाला है. वह मुहाना मंडी इलाके में रहता है. उसके खिलाफ 9 मुकदमे दर्ज हैं. राजवीर मांग्यावास, हनी सिंह खेड़ली (अलवर) हाल विनायक विहार (मानसरोवर) और शिव सिंह देवली (टोंक) हाल विजय पथ (मानसरोवर) के रहने वाले हैं.




















