झालावाड़: शहर की कोतवाली पुलिस ने कार की नंबर प्लेट बदलकर पुलिस को चकमा देकर लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों से नकबजनी में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी-नकबजनी की वारदात के खुलासे के निर्देश दिए गए. कोटा रोड पर करीब 6 माह पहले अनमोल रेजीडेंसी में मकान के खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात का खुलासा हुआ. वारदात के बाद फरियादी की शिकायत पर क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. इनके आधार पर संदिग्ध कार की पहचान की गई. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन में मकान की रेकी करते थे और बाद में कार की नंबर प्लेट बदलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. चोरी के बाद कार की नंबर प्लेट फिर बदल देते थे.
एसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सुकेत निवासी सीताराम तथा आकाश बैरवा को गिरफ्तार किया. फिलहाल पुलिस दोनों से चोरी किए माल की बरामदगी में जुटी है. अनुसंधान के दौरान पुलिस को चोरी की अन्य वारदातों के काफी खुलासा होने की उम्मीद है. गौरतलब है कि जिले में चोरी के वारदातों में काफी बढ़ोतरी हुई. बदमाश चोरी के नए तरीके ईजाद कर रहे हैं. चोरी के कई मामलों में बदमाश सीमावर्ती जिले से वारदात को अंजाम देना पाया, जो जिले में वारदात को अंजाम देने के बाद अपने वाहन से गायब हो जाते हैं.




















