बीकानेर : गजनी थाना क्षेत्र के कोडमदेसर तालाब में मंगलवार रात को नहाने गए तीन बच्चे डूब गए और उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो तालाब के किनारे तीन बच्चों के जूते और मोबाइल बरामद हुए. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई. गजनेर थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने बताया कि तीनों दोस्त स्कूल से छुट्टी के बाद मंदिर में दर्शन करने के लिए आए और वहीं तालाब में नहाने के लिए चले गए. उनके जूते और मोबाइल तालाब के किनारे मिले हैं, ऐसे में प्रथम दृश्य प्रतीत होता है कि तीनों एक साथ ही तालाब में नहाने के लिए उतरे थे.
राजस्थान में भीषण सड़क हादसे में 7 बच्चों सहित 10 की मौत, दर्शन कर लौट रहे थे
देर रात चला मालूम : दरअसल, तालाब के किनारे तीनों बच्चों के जूते और मोबाइल पड़े थे. ऐसे में परिजनों और अन्य लोगों ने मोबाइल पर कॉल किया तो इस दौरान वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने पास जाकर देखा और फोन उठाया. इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई और पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया. कुछ घंटे बाद तीनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए.
तीनों नाबालिगों की हुई पहचान : गजनेर थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने बताया कि तीनों बच्चे नाबालिग हैं और बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र की जवाहर नगर और भाट्टो का बस क्षेत्र के रहने वाले हैं. तीनों एक साथ स्कूल में पढ़ते भी हैं, फिलहाल तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीकानेर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.




















