अलवर: शहर के मध्य स्थित राजकीय कॉमर्स कॉलेज में मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया, जब सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को अचानक बेंच के नीचे 15 फीट लंबा और भारी भरकम अजगर दिखा. इससे वहां भगदड़ की माहौल बन गया. कॉलेज प्रशासन ने अजगर दिखने की सूचना वनकर्मियों को दी. वन विभाग की टीम ने अजगर को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया.
प्रत्यक्षदर्शी अनिल कुमार ने बताया कि वह साथी को एग्जाम दिलाने कॉमर्स कॉलेज पहुंचे. परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले कॉलेज में बेंच पर बैठे थे. तभी बेंच के नीचे अचानक अजगर दिखा.इसके बाद वह और मौजूद अन्य अभ्यर्थी डरकर भागे. कॉलेज में अजगर की सूचना थोड़ी देर में पूरे परिसर में फैल गई. वहां अफरा तफरी मच गई. अभ्यर्थियों ने सूचना कॉलेज प्रशासन को दी. कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचा और वनकर्मियों को बुलाया. अजगर करीब 15 फीट लंबा व काफी मोटा था. वनकर्मियों के अजगर को रेस्क्यू करने के बाद वहां मौजूद कई अभ्यर्थियों और कॉलेज स्टाफ ने अजगर के साथ फोटो भी खिंचवाए.
परेशान ना करें: सर्प रेस्क्यू विशेषज्ञ विवेक का कहना है कि बारिश के मौसम में अजगर और अन्य सांप अक्सर खुले इलाकों में आ जाते हैं. सभी सर्प जहरीली प्रजाति के नहीं होते, लेकिन सर्प दिखाई देते ही भय के चलते उनसे छेड़छाड़ कर परेशान करते हैं. इससे वे कई बार हमलावर होकर नुकसान पहुंचाते हैं. यदि किसी व्यक्ति को सर्प व अन्य रेंगने वाले जीव दिखे, तो उन पर हमले के बजाय तुरंत सूचना वन विभाग या सर्प रेस्क्यू टीम को दें.




















