सवाई माधोपुर : जिले में विगत दिनों हुई बारिश के चलते जिले के कई स्कूल सहित पुरानी बिल्डिंग जर्जर हालत में हैं. सोमवार को जिले के चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एचेर गांव में अल सुबह विद्यालय का बड़ा बरामदा एवं अन्य हिस्सा भरभराकर गिर गया. गनीमत यह रही कि घटना विद्यालय खुलने से कुछ घंटे पहले हो गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. शिक्षा विभाग की ओर से इस भवन को जर्जर तो घोषित किया हुआ था, लेकिन उसे हटाया नहीं गया था. ऐसे में शिक्षा विभाग की यह लापरवाही बड़ी घटना का कारण बन सकती थी, जिसके चलते लोगों में नाराजगी है.
इस मामले को लेकर विद्यालय की प्रधानाचार्य कविता ने बताया कि उन्होंने क्षतिग्रस्त बिल्डिंग को लेकर शिक्षा विभाग को अवगत करा दिया था, जिसके बाद इसे जर्जर घोषित कर दिया गया था. साथ ही इस भवन को जमींदोज करने के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई से पहले ही यह घटना घटित हो गई. हम इसमें बालकों को नहीं बिठाते हैं, लेकिन यदि स्कूल के समय में यह घटना होती तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि मना करने के बावजूद भी कई बार बच्चे उसमें चले जाते हैं.
ग्रामीण हनुमान प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के 10 कमरे एवं बरामदा काफी सालों से क्षतिग्रस्त है. इस साल झालावाड़ में घटना होने के बाद इन 10 कमरों एवं बरामदे में बालकों को बिठाना बंद कर दिया था, लेकिन फिर भी बालक खेलने एवं अन्य गतिविधियों के लिए इनके नीचे जाया करते थे. विभाग की ओर से इस भवन को हटाए जाने के निर्देश तो जारी कर दिए गए, लेकिन मौके पर कार्रवाई नहीं होने से आज यह घटना घट गई. यदि विद्यालय समय में यह घटना होती तो कोई न कोई बालक इसकी चपेट में आ सकता था.




















