बीकानेर: जिला अस्पताल में भर्ती 10 में से 6 बच्चों की एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगाने के बाद तबीयत बिगड़ गई. इंजेक्शन लगाने के बाद बच्चों में कंपकंपी छूटी और काफी देर स्थिति नॉर्मल नहीं हुई. इसके बाद परिजनों ने हंगामा किया. घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ सुनील हर्ष मौके पर पहुंचे और अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण चतुर्वेदी को भी बुलाया गया. बाद में दो बच्चों को PBM अस्पताल रैफर किया गया. घटना से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया.
अस्पताल अधीक्षक सुनील हर्ष ने बताया कि पीबीएम में रैफर बच्चों के साथ ही जिला अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों की तबीयत ठीक है. डॉ. सुनील ने बताया कि मेडिकल टर्मनोलॉजी में इसे सीवरिंग रिएक्शन कहते हैं. इस इंजेक्शन को लगाने का तरीका समझना जरूरी है. संभव है कि इसे लगाने में तरीके का ध्यान नहीं रखा गया हो. हम इसकी जांच कर रहे हैं. वहीं परिजनों की आपत्ति के बाद अस्पताल में इंजेक्शन सप्लाई फर्म की दवा सप्लाई पर रोक लगा दी गई. इसकी भी जांच की जाएगी.
पुलिस आने पर मामला शांत: अस्पताल में कुछ देर तक चले हंगामे के बाद मौके पर नयाशहर थाना पुलिस पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल चिकित्सकों और परिजनों की वार्ता हुई. धीरे-धीरे बच्चों की स्थिति सामान्य हुई, जिससे मामला शांत हुआ.
रिएक्शन का डर: दरअसल एक साथ इतने बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों को चिंता हो गई और अस्पताल में लोग जमा हो गए और हंगामा करने लगे. परिजनों को आशंका थी कि बच्चों में इंजेक्शन का रिएक्शन हो गया.




















