जयपुर: राजस्थान में साल 2025-26 की दूसरी सेना भर्ती रैली का आयोजन भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) जयपुर की तरफ से किया जा रहा है. यह रैली 25 अगस्त से 16 सितंबर 2025 तक सीकर जिला स्टेडियम में आयोजित होगी. इस भर्ती रैली में जयपुर, सीकर और डीडवाना-कुचामन जिलों के अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे.
10,000 से अधिक अभ्यर्थियों को कॉल-अप जारी: जन संपर्क अधिकारी (रक्षा) लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि यह भर्ती रैली न केवल युवाओं के लिए करियर का अवसर है, बल्कि देश की सेवा करने का गर्व भी प्रदान करती है. रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ऑफिस असिस्टेंट/एसकेटी और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) श्रेणियों के लिए चयन होगा. इन श्रेणियों के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 2025 में शामिल हुए 10,000 से अधिक अभ्यर्थियों को कॉल-अप लेटर जारी किए गए हैं.
इसके साथ ही सिपाही फार्म, सैनिक तकनीकी, नर्सिंग सहायक, हवलदार शिक्षा (सूचना और तकनीक/साइबर, सूचना कार्यवाही और भाषाविद), हवलदार सर्वेयर स्वचलित मानचित्रकार, जूनियर कमीशन अधिकारी (कैटरिंग) और धार्मिक शिक्षक (जूनियर कमीशन अधिकारी) की क्षेत्रीय और केंद्रीय श्रेणी की भर्ती भी 25 और 26 अगस्त को आयोजित की जाएगी.
पारदर्शी और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया: मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, राजस्थान और मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान के सहयोग से आयोजित हो रही यह भर्ती रैली युवाओं को सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का अवसर प्रदान करेगी. भर्ती कार्यालय ने इस बात पर जोर दिया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वचालित होगी, जिसमें केवल योग्यता के आधार पर चयन किया जाएगा. अभ्यर्थियों को यह भी चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं और न ही किसी तरह की धोखाधड़ी या अनुचित साधनों का सहारा लें. उम्मीदवारों से यह अपील की गई है कि वे अपने शैक्षणिक या व्यक्तिगत दस्तावेज किसी सिविल प्रशिक्षण अकादमी या दलालों को न सौंपें, बल्कि केवल भर्ती प्रक्रिया के दौरान ही अधिकृत अधिकारियों को प्रस्तुत करें.
विस्तृत जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध: भर्ती रैली से संबंधित विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश ज्वाइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) पर उपलब्ध हैं. इसके अतिरिक्त, उम्मीदवार भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) जयपुर से भी संपर्क कर सकते हैं.




















