धौलपुर : पूर्वी राजस्थान में फिर एक बार मानसून सक्रिय हो गया है. करीब 10 दिन थमने के बाद बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है. करीब पोंन घंटे तक धौलपुर शहर में जोरदार बारिश हुई है. जिसकी वजह से शहर के प्रमुख बाजारों में जल भराव के हालात बन गए। लोगों के घर और दुकानों में पानी घुसने तक की नौबत आ गई.
अगस्त के महीने में फिर एक बार आसमानी आफत शुरू हो गई है. करीब 10 दिन बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी. लेकिन रविवार सुबह से ही आसमान में बरसाती बादल बन रहे थे. शाम के समय धौलपुर में जोरदार बारिश हुई है. शहर का हरदेव नगर, अस्पताल मार्ग, जगन तिराहा, नगर परिषद मार्ग आदि प्रमुख बाजारों में जल भराव के हालात बन गए. लोगों के घर और मकान में पानी घुस गया. दुकानदार और व्यापारियों को भी जल भराव से परेशानी हुई है. जल भराव की समस्या सीवर लाइन एवं नालों की सफाई समय पर नहीं होने की वजह से हो रही है. नगर परिषद द्वारा समय रहते सफाई नही कराई गई थी जिसका खामियाजा शहर के लोग भुगत रहे हैं. शहर की करीब एक दर्जन कॉलोनी जल भराव की चपेट में गत लंबे समय से बनी हुई है. स्थानीय लोगों में नगर परिषद के खिलाफ रोष देखा जा रहा है.
चंबल उफान पर : उधर हाडौती क्षेत्र में हुई जोरदार बारिश की वजह से जिले से गुजर रही चंबल नदी भी रौद्र रूप बना चुकी है. चंबल का जल स्तर खतरे के निशान से करीब 9 मीटर ऊपर तक पहुंच गया था. हालांकि राहत की बात यह रही है कि अब चंबल का जल स्तर घटने लगा है, जिससे जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है. उधर जिले के सबसे बड़े पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया में पानी की भारी आवक होने की वजह से जल संसाधन विभाग ने चार गेट 2 फीट खोलकर करीब 4500 क्यूसेक पानी पार्वती नदी में रिलीज किया है.




















