उदयपुर: जिले के नयागांव उपखंड क्षेत्र में हाल ही में एक आवारा श्वान ने लगभग एक किलोमीटर के दायरे में चार लोगों पर हमला कर दिया. श्वान ने एक 3 साल के बच्चा को भी घायल कर दिया. श्वान बच्चे के होंठ को गंभीर रूप से नोच लिया. अन्य घायलों में एक 11वीं कक्षा का छात्र भी शामिल है.
घटना पहाड़ा और करावाड़ा ग्राम पंचायत में हुई. पहाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी रवि कुमार ने बताया कि सबसे पहले श्वान ने रितिका (18) को काटा. आसपास के लोग उसकी मदद के लिए दौड़े और उसे बचाया. इसके बाद श्वान ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मुख्य गेट के पास कक्षा 11वीं के छात्र आनंद डामोर पर हमला किया. आनंद के हाथ और पैर पर चोटें आईं. शिक्षक और अन्य छात्र उसे बचाने में सफल रहे. दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार पहाड़ा पीएचसी में किया गया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए.
करीब एक किलोमीटर दूर करावाड़ा पंचायत में भी श्वान ने हमला किया. करावाड़ा माताजी मंदिर के पास 85 वर्षीय देवी को श्वान ने काट लिया. कुछ देर बाद उसी गांव में श्वान ने ब्रज नाम के 3 साल के बच्चे पर हमला कर दिया. इसमें उसके पैर और होंठ को गंभीर चोट आई. दोनों का उपचार पहाड़ा पीएचसी में किया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा श्वान को जल्द पकड़ने की मांग की है. पहाड़ा सरपंच बिंदू गरासिया ने बताया कि पंचायत में श्वान पकड़ने के लिए कोई संसाधन उपलब्ध नहीं हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में 181 राजस्थान संपर्क पर शिकायत दर्ज कराई गई है.
आनंद डामोर ने बताया कि जैसे ही श्वान ने उस पर हमला किया, उसने शोर मचाया. स्कूल के स्टाफ और अन्य छात्रों ने उसकी मदद की. बाद में उसे प्राथमिक उपचार के लिए पहाड़ा पीएचसी में लाया गया और बेहतर इलाज के लिए गुजरात ले जाया गया. रवि कुमार ने बताया कि श्वान के काटने से घायल सभी चार लोगों का उपचार किया गया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए गए.




















