जोधपुर : डांगियावास थानान्तर्गत कांकेलाव के पास सरनाडा गांव में शुक्रवार को स्कूल लेक्चरर मां और बेटी संदिग्ध हालात में जल गए. बेटी की मौत हो गई. वहीं, मां को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया था, जिसने भी शनिवार को दम तोड़ दिया. आग लगने के कारण का पता नहीं लग पाया है. बताया जा रहा है कि मां और बेटी ही घर पर थे और ये घटना हुई. शव को लेकर विवाद के बाद दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद मां व बेटी के शव पीहर पक्ष को सौंप दिए गए हैं.
पीहर पक्ष ने एफआइआर दर्ज कराई है. एसीपी जांच करेंगे. संजू की शादी दस साल पहले दिलीप से हुई थी. पीहर वालों ने प्रताड़ना व छींटाकशी करने और उससे परेशान होकर आत्महत्या करने के आरोप लगाए हैं. चार-पांच माह पहले भी उसका ससुराल वालों से झगड़ा हुआ था.
सहायक पुलिस आयुक्त (मण्डोर) नगेन्द्र कुमार ने बताया कि गंभीर झुलसी सरनाडा गांव निवासी संजू (32) पत्नी दिलीप बिश्नोई की शनिवार शाम महात्मा गांधी अस्पताल की भी बर्न यूनिट में मृत्यु हो गई. उसकी बेटी शुक्रवार को ही जिंदा जल गई थी. फिटकासनी निवासी पीहर पक्ष की ओर से मृतका के पति दिलीप, सास व ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है.
जांच में पता चला कि शुक्रवार को संजू को सुबह पति ने स्कूल छोड़ा था. दोपहर एक बजे छुट्टी होने पर पति ही लेने आया था. शाम को मकान में महिला व बेटी के जलने की सूचना मिली थी. इस दौरान संजू मकान में बेटी के साथ अकेली थी. उसने सभी दरवाजे अंदर से बंद किए हुए थे. पति दिलीप किसी काम से बाहर गया हुआ था. सास व ससुर मवेशियों के लिए चारा लेने गए हुए थे.
आटा साटा का है विवाह : पुलिस का कहना है कि गंभीर झुलसी संजू फिटकासनी गांव में राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल में व्याख्याता है. दस साल पहले उसकी शादी सरनाडा गांव निवासी दिलीप से हुई थी, जो बीटेक सिविल इंजीनियर है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है. संजू के भाई की शादी संजू की ननद से हो रखी है, यानि संजू और भाई की शादी आटा-साटा में हो रखी है.




















