जयपुर: गणेश चतुर्थी के मौके पर गुलाबी नगरी के प्रथम पूज्य मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में दो दिन (26 व 27 अगस्त को) श्रद्धालुओं का मेला उमड़ेगा. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे. भीड़ में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए जयपुर पुलिस ने भी कमर कस ली है.
मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन के लिए मंगलवार रात से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो जाएंगे. ऐसे में आज से ही यहां पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा. इसके साथ ही यातायात को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं. भीड़ का फायदा उठाकर स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए भी पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं. ऐसे लोगों पर सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी नजर रखेंगे. इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी. बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए पार्किंग स्थल से मंदिर तक निःशुल्क ई-रिक्शा चलेंगे. रामनिवास बाग से त्रिमूर्ति सर्किल तक जेसीटीएसएल की बसें श्रद्धालुओं को ले जाएंगी.
आज रात से ही तैनात होगा जाप्ता: अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि गणेश चतुर्थी के मद्देनजर 26 अगस्त की रात से ही पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया जाएगा. जेएलएन मार्ग, आरबीआई कट से गणेश मंदिर चौराहा, त्रिमूर्ति सर्किल और गणेश मंदिर से धर्मसिंह सर्किल तक के क्षेत्र को सेक्टर के आधार पर बांटकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तैनात किया जाएगा. सादी वर्दी में भी जवानों और अधिकारियों को तैनात किया जाएगा, ताकि कहीं कोई अप्रिय घटना न हो. जेबतराशी और चेन स्नैचिंग की फिराक में घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर खास तौर पर नजर रखी जाएगी.
एसपी रैंक के अधिकारी संभालेंगे मोर्चा: उन्होंने बताया कि सभी सेक्टर्स में एसपी रैंक के अधिकारियों को जिम्मा दिया गया है. एडिशनल डीसीपी, एसीपी और थानाधिकारियों को भी तैनात किया जाएगा. श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में जाप्ता तैनात किया जाएगा. उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को शोभायात्रा का भी आयोजन किया जाएगा. जयपुर (पूर्व) जिले के साथ ही जयपुर (उत्तर) में भी यह कार्यक्रम रहेगा. दोनों जिलों में शोभायात्रा के मद्देनजर पर्याप्त जाप्ता तैनात किया जाएगा. उन्होंने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों से अभय कमांड कंट्रोल सेंटर के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि जरूरत होने पर पुख्ता कार्रवाई की जा सके.
यातायात व्यवस्था में भी किया बदलाव: अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) ने बताया कि दो दिन यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. टोंक रोड और भवानी सिंह रोड की तरफ से आने वाले दर्शनार्थी अपने वाहन सुबोध कॉलेज में बनी पार्किंग में खड़े कर सकते हैं. जेएलएन मार्ग, शांति पथ (जवाहर नगर) की तरफ से आने वाले दर्शनार्थी राजस्थान विश्वविद्यालय में वाहन खड़े कर सकेंगे. गोविंद मार्ग, रामनिवास बाग और परकोटे से आने वाले दर्शनार्थी अपने वाहन धर्मसिंह सर्किल से मोतीडूंगरी रोड, आरोग्य पथ से पुलिस मेमोरियल से पहले जेएलएन मार्ग की सर्विस लेन पर एक लाइन में पार्क कर सकेंगे. आरोग्य पथ से गांधी सर्किल तक मुख्य मार्ग पर, पृथ्वीराज टी पॉइंट से रामबाग चौराहा तक (टोंक रोड) पर, त्रिमूर्ति सर्किल से राजापार्क चौराहा तक गोविंद मार्ग पर, रामबाग चौराहा से जेडीए चौराहा तक, जेडीए चौराहा से तुलसी सर्किल तक वाहनों की पार्किंग निषेध रहेगी.
इस तरह होगा यातायात का डायवर्जन: उन्होंने बताया कि त्रिमूर्ति सर्किल से जेडीए तिराहा तक, आरबीआई तिराहे से गणेश मंदिर के बीच, तख्तेशाही रोड, धर्मसिंह सर्किल से गणेश मंदिर की तरफ वाहनों का आवागमन निषेध रहेगा. आरबीआई तिराहे की तरफ से आकर नारायण सिंह तिराहा से त्रिमूर्ति सर्किल की तरफ जाने वाले सामान्य ट्रैफिक को पृथ्वीराज टी पॉइंट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. गांधी सर्किल से जेडीए चौराहा की तरफ जाने वाले यातायात को गांधी सर्किल से गांधीनगर मोड़ व रॉयल्टी तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. रामबाग चौराहा से जेडीए चौराहा की तरफ जाने वाले यातायात को रामबाग चौराहा से डायवर्ट किया जाएगा. पृथ्वीराज टी पॉइंट से रामबाग चौराहा की तरफ जाने वाले यातायात को पृथ्वीराज रोड पर संचालित किया जाएगा. पोलो सर्किल से रामबाग चौराहे की तरफ दबाव ज्यादा होने पर वाहनों को पोलो सर्किल से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा.
इन रूट पर होगा बसों-मिनी बसों का संचालन: उन्होंने बताया कि गोपालपुरा की तरफ से यादगार तिराहे की तरफ आने वाली बसों और मिनी बसों को लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग पर संचालित किया जाएगा. यादगार तिराहे से गोपालपुरा की तरफ जाने वाली बसों-मिनी बसों को अशोका टी पॉइंट से अशोका मार्ग पर संचालित किया जाएगा. दिल्ली रोड से सिंधी कैंप बस स्टैंड आने वाली बसें चंदवाजी से एक्सप्रेस हाईवे होते हुए सीकर रोड, चौमू तिराहा, पानीपेच, कलेक्ट्री सर्किल होते हुए आएंगी. सिंधी कैंप से दिल्ली व आगरा की तरफ जाने वाली रोडवेज बसें वनस्थली मार्ग से गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा, एमआई रोड, गुरुद्वारा मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर होकर दिल्ली रोड पर जा सकेंगी. आगरा रोड से सिंधी कैंप बस स्टैंड आने वाली रोडवेज की बसें रोटरी सर्किल, जवाहर नगर बाइपास, झालाना रोड से केवी-3 तिराहा, ओटीएस चौराहा, बजाज नगर तिराहे से बजाज नगर के सामने, टोंक फाटक, लक्ष्मी मंदिर तिराहा, सहकार मार्ग, चौमू हाउस चौराहा से गवर्नमेंट हॉस्टल होते हुए आएंगी.
यातायात पुलिस ने की आमजन से यह अपील: उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जेसीटीएसएल द्वारा जेडीए की भूमिगत पार्किंग (रामनिवास बाग) से त्रिमूर्ति सर्किल तक बस सेवा मुहैया करवाई जाएगी. दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए पार्किंग स्थल से मंदिर तक निःशुल्क ई-रिक्शा मुहैया करवाया जाएगा. उन्होंने जेएलएन मार्ग पर यातायात का ज्यादा दबाव होने के कारण मानसरोवर, सांगानेर और जगतपुरा क्षेत्र से परकोटे के बीच आवाजाही करने वालों को टोंक रोड का उपयोग करने की अपील की है.




















