खेतड़ी : खेतड़ी थाना क्षेत्र के कोलिहान नगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें स्लीपर बस और बाइक की टक्कर में मामा-भांजी की मौत हो गई. थानाधिकारी कैलाश चंद ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब 18 वर्षीय मुनेश और उनके 35 वर्षीय मामा संजू बाइक पर खेतड़ी आ रहे थे. कोलिहान नगर बस स्टैंड के पास सामने से आ रही स्लीपर बस से उनकी बाइक टकरा गई.
हादसे में बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी. एंबुलेंस पायलट अजीत सिंह और ईएमटी संदीप कुमार ने घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने संजू को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुनेश की हालत गंभीर होने पर उसे रैफर कर दिया गया. रास्ते में नीमकाथाना के पास मुनेश की भी मौत हो गई.
हादसे की सूचना पर थानाधिकारी कैलाश चंद मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई. परिजनों ने बताया कि मृतका मुनेश खेतड़ी के स्वामी विवेकानंद गर्वनमेंट कालेज में पेपर देने के लिए अपने मामा के साथ जा रही थी जो कोलिहान नगर के पास हादसे का शिकार हो गए. स्लीपर बस जोधपुर से सिंघाना आ रही थी. पुलिस ने स्लीपर बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है. थानाधिकारी ने बताया कि दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.




















