भरतपुर: नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा सोमवार को भरतपुर दौरे पर रहे. उन्होंने सुबह विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पिछले डेढ़ साल में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की और शहर की मौजूदा समस्याओं पर चर्चा की. मंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं के साथ-साथ पुरानी गड़बड़ियों और खामियों को भी दूर किया जाएगा.
मंत्री ने बताया कि शहर में पहले कराए गए सीवरेज कार्य में कई जगह समतलीकरण व तकनीकी खामियां रह गईं, जिसकी वजह से कई इलाकों में ब्लॉकेज की समस्या बनी हुई है. इन दिक्कतों को दूर करने के लिए 15.75 करोड़ रुपए की लागत से रिपेयर एंड रेक्टिफिकेशन कार्य कराया जाएगा. इसके तहत खराब पड़ी लाइनों की मरम्मत, नए चेंबर निर्माण और समतलीकरण कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी.
एक सवाल के जवाब में मंत्री झाबर सिंह ने कहा कि सेक्टर 13 के भूखंड आवंटन में हुई गड़बड़ी का मुद्दा भी सामने आया है. इस मामले की जांच के लिए अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं. वर्ष 2018 से 2023 के बीच ये अनियमितताएं हुई हैं और जांच में दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि भरतपुर की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी और प्राथमिकता के आधार पर योजनाएं लागू होंगी. भरतपुर दौरे के दौरान मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने नगर निगम पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं का लोकार्पण भी किया. इनमें सड़क निर्माण, पार्क विकास और शहरी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. साथ ही मंत्री झाबर सिंह ने पौधारोपण भी किया.




















