जोधपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत अपने सात दिन के प्रवास के बाद मंगलवार को जोधपुर से दिल्ली लौट गए. वहीं, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले अभी एम्स में भर्ती हैं. वहां उनकी कुछ और जांचें होनी हैं. संभवतः मंगलवार शाम तक उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी. संघ प्रमुख सोमवार शाम को लोहावट गए थे. क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम की माताजी से मिलने के बाद वे देर शाम वापस लौट आए थे. सुबह वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए.
जोधपुर संघ परिवार के सदस्य एम्स में सरकार्यवाह की देखरेख में लगे हुए हैं. सरकार्यवाह होसबोले को सोमवार दोपहर असहज महसूस होने पर एम्स में भर्ती करवाया गया था. उन्हें बीपी (रक्तचाप) की परेशानी थी. उनकी कई जांचें की गईं. देर शाम संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनके बेहतर स्वास्थ्य की जानकारी साझा की थी. होसबोले को भी आज जोधपुर से रवाना होना था, लेकिन अब एम्स से छुट्टी मिलने के बाद ही वे वापस जा सकेंगे.
समन्वय के लिए बैठकों में हुए शामिल: संघ प्रमुख मोहन भागवत दो सितंबर को ही जोधपुर आ गए थे. पांच से सात सितंबर तक चली राष्ट्रीय समन्वय बैठक में देश भर से संघ के 32 संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे. सुबह से शाम तक लगातार विभिन्न सत्रों में संघ प्रमुख और सरकार्यवाह हर बैठक में मौजूद रहे. इन बैठकों में देश की वर्तमान परिस्थितियों और हालात पर संगठनों का फीडबैक सामने आया, जिस पर विचार-विमर्श किया गया. बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए थे.
शताब्दी वर्ष की तैयारी: संघ का शताब्दी वर्ष इस वर्ष दो अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है. सौ वर्ष के उपलक्ष्य में पूरे साल देश भर में संघ ‘पंच परिवर्तन’ के आधार पर विभिन्न आयोजन करेगा, जिस पर भी इस बैठक में चर्चा हुई. दो अक्टूबर से इन कार्यक्रमों की शुरुआत नागपुर से होगी. इस दिन देश भर में संघ परिवार विशेष आयोजन भी करेगा.




















