अलवर: शहर के कोतवाली थाना पुलिस ने अलवर के एक युवक के साथ हुई ठगी का प्रकरण का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को झारखंड से गिरफ्तार किया गया है. शहर कोतवाल नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी नए-नए साइबर ट्रेंड अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं. वहीं, अलवर में युवक को आरोपियों ने किसान सम्मान निधि की फर्जी एपीके फाइल भेज कर शिकार बनाया और करीब 96 हजार रुपए ठग लिए. उन्होंने बताया कि आरोपियों को झारखंड से गिरफ्तार कर अलवर लेकर आया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. अनुसंधान में आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपए के लेनदेन की जानकारी मिली है.
अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले पीड़ित ने 3 अक्टूबर 2024 को प्रकरण दर्ज कराया कि उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से पीएम किसान एपीके फाइल आई, जिसे खोल कर चेक किया और तुरंत डिलीट कर दिया. इसके बाद से ही अनजान नंबरों से पीड़ित के पास फोन आना शुरू हुए और उनके खाते में किसान सम्मान निधि के पैसे आने की झूठी बात कहकर केवाईसी कराने की बात करने लगे.
पुलिस अधीक्षक चौधरी ने बताया कि इसके बाद ठगों ने पीड़ित के खाते से पैसे पार कर लिए. पीड़ित को इस घटना का पता बैंक से पैसे निकालने जाने पर लगा, जब उसके अकाउंट में 90 रुपए मिले. रिपोर्ट में बताया गया कि पीड़ित के साथ करीब 96 हजार रुपए की ठगी हुई. इस प्रकरण पर अनुसंधान करते हुए साइबर सेल की ओर से संदिग्ध मोबाइल नंबर की जानकारी निकाली गई, जिसकी लोकेशन झारखंड मिली. इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने एक टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम को झारखंड रवाना किया.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अलवर पुलिस की टीम ने झारखंड से साइबर ठग गौरव कुमार (24) व ओम प्रकाश (22) को गिरफ्तार कर अलवर लेकर आया गया, जिसके बाद आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है. फिलहाल, अनुसंधान में आरोपियों के खाते में करोड़ों रुपए के लेनदेन की जानकारी मिली है, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है.




















