बूंदी: जिले में बीते 24 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए. अधिकांश बांध लबालब हो गए और पानी की आवक जारी है. मौसम विभाग के अनुसार अब तक जिले में 546 एमएम वर्षा दर्ज की जा चुकी है. केशवरायपाटन में सर्वाधिक 212 एमएम वर्षा हुई है.
इसी बीच रीवा नदी उफान पर आ गई. तेज बहाव के चलते गरड्ढादा-बिजौलिया मार्ग पर पुलिया बह गई. पुलिया बहने से गरड्ढादा, बिजौलिया व आसपास के गांवों का भीलवाड़ा और बूंदी जिले से संपर्क टूट गया. खेत जलमग्न हो गए. इससे फसलों को भारी नुकसान हुआ. इस बीच, मौसम विभाग ने बारिश जारी रहने का अलर्ट जारी किया और लोगों से नदी-नालों से दूर रहने को कहा.
ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी: गरड्ढादा के उप सरपंच धन्नालाल गुर्जर ने बताया कि भीलवाड़ा क्षेत्र से रीवा नदी में पानी की भारी आवक हुई. नदी में अचानक उफान आया व पुलिया बह गई. आवागमन ठप हो गया. पंच मुकेश गोस्वामी ने आरोप लगाया कि सूचना के बावजूद प्रशासन का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, ना तो संसाधन उपलब्ध कराए और ना ही टीम भेजी.
बांध लबालब, विभाग अलर्ट पर: उधर, जल संसाधन विभाग की कनिष्ठ अभियंता मंजू मीणा ने बताया कि जिले के अधिकांश बांध लबालब हो चुके हैं. केवल एक-दो बांध ही बचे हैं, जो अगले कुछ दिन पूरी तरह भर जाएंगे. जिले के दो से तीन बड़े बांध ओवरफ्लो हैं.
तालाब बन गए खेत : जिले में 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के चलते रीवा नदी उफान पर है. गरड्ढादा-बिजौलिया मार्ग की पुलिया बहने से आवागमन ठप हो गया. आसपास के गांवों के लोग अब वैकल्पिक रास्तों से आवाजाही कर रहे हैं. इलाके में खेत तालाब में बदल गए. फसलें चौपट हो गई. बूंदी व भीलवाड़ा जिले के कई गांवों का संपर्क कट गया.




















