Rajasthan Weather: श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री पार, साल का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड, कल से करवट लेगा मौसम
राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव और गर्म रातों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान भी माना जा रहा है। इसके अलावा बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, पिलानी और फलौदी में भी पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में हीटवेव और तीव्र हीटवेव का दौर अगले दो से तीन दिन जारी रहने की संभावना है। अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं बीकानेर संभाग, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 27 और 28 मई को पारा 48 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

राजस्थान के 10 सबसे गर्म शहर
श्रीगंगानगर – 48.2°C
पिलानी – 47.0°C
बीकानेर – 46.6°C
जैसलमेर – 46.4°C
चूरू – 46.4°C
फलोदी – 46.2°C
कोटा – 45.4°C
वनस्थली – 45.2°C
बाड़मेर – 45.0°C
उदयपुर – 45.0°C
28 मई से बदलेगा मौसम
हालांकि 28 मई से मौसम में बदलाव की शुरुआत होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी।
3-4 दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट
28 मई को जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। 29 मई को भी जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के साथ बीकानेर संभाग के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। 30 और 31 मई को जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
Bikaner : नोखा में सूने मकान को बदमाशों ने बनाया निशाना घर लौटे मालिक के उड़े होश
जिलेवार मौसम अपडेट
जिलेवार अलर्ट की बात करें तो 28 और 29 मई को जयपुर, दौसा, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, करौली, सवाई माधोपुर, भरतपुर और कोटपूतली-बहरोड़ सहित कई जिलों में मेघगर्जन, आंधी और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में भी तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
29 मई से तापमान में गिरावट की उम्मीद
मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश के असर से 29 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।
Rajasthan Weather: श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री पार, साल का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड, कल से करवट लेगा मौसम




















