भरतपुर. एक भावुक करने वाली घटना में भरतपुर के सेवर जेल में बंद एक कैदी की मौत हो गई. खास बात यह है कि मौत से सिर्फ एक दिन पहले उसकी बहन ने जेल में जाकर उसे राखी बांधी थी. जानकारी के अनुसार, मृतक कैदी आबकारी एक्ट के मामले में सेवर जेल में बंद था. 7 अगस्त को सेवर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेजा गया था.
बताया जा रहा है कि कैदी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान कैदी ने दम तोड़ दिया. कैदी की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंचे और वहां हंगामा कर दिया. परिजन मौत के कारणों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है.




















