सिरोही: शिवगंज उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती बडगांव गांव में शुक्रवार देर रात पैंथर ने बाड़े में घुस भेड़ों पर हमला कर दिया. देवासी समाज के पशुपालक रूपाराम देवासी के बाड़े में घुसे पैंथर ने इस दौरान 5 भेड़ों का शिकार किया और 7 को घायल कर दिया.
घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को मिली, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया. पशुपालकों में गुस्सा और भय देखने को मिला. ग्रामीणों का कहना है कि समीप ही जवाई लेपर्ड कंजर्वेशन जोन होने के कारण क्षेत्र में पैंथर का मूवमेंट लगातार बढ़ रहा है. इससे पहले भी बडगांव के एकलिंगजी मंदिर क्षेत्र और शिवगंज कस्बे के आसपास पैंथर साइटिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इस कारण पशुपालक अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
घटना की सूचना पर उपखंड अधिकारी नीरज मिश्र, पुलिस दल, पशुपालन विभाग और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू करवाई. वहीं उपखंड अधिकारी नीरज मिश्र ने कहा कि घायल भेड़ों का उपचार पशुपालन विभाग की देखरेख में किया जा रहा है. पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है.
ग्रामीणों ने कहा कि पैंथर का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और रात के समय लोग घरों से बाहर निकलने से भी डरने लगे हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए तथा पैंथर की बढ़ती गतिविधियों पर काबू पाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीणों की सुरक्षा के बीच संतुलन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. जहां पैंथर संरक्षण आवश्यक है, वहीं ग्रामीणों और उनके पशुधन की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है.




















