अलवर: केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि खैरथल-तिजारा जिले का नाम लोकदेवता भर्तृहरि नगर करने का विरोध वे लोग ही कर रहे हैं, जो राम जन्मभूमि आंदोलन के खिलाफ थे और बाबरी मस्जिद का समर्थन किया था. इन्हीं लोगों की सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दिए शपथ पत्र में भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारा था. ये लोग (विपक्षी दल कांग्रेस) अब लोकदेवता बाबा भर्तृहरि का भी अपमान करने पर तुले हैं. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को लेकर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भर्तृहरि नगर को देश का नंबर वन जिला बनाएंगे.
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि खैरथल-तिजारा जिले का नाम भर्तृहरि नगर रखने के विरोध में जनता विपक्ष के साथ नहीं है. बाबा भर्तृहरि के प्रति सभी की आस्था है. बाबा भर्तृहरि के नाम पर एक महीने पूरी रात उनकी कथा पर भावपूर्ण नाटक का मंचन होता है. लाखों लोग उनकी तपोस्थली पर जीवन को सद्मार्ग पर ले जाने की प्रेरणा लेते हैं. जिले में ऐसा कोई घर नहीं है, जहां भर्तृहरि के नाम पर सद्भावना का भंडारा न किया जाता हो. उन्होंने कहा कि यह योग और तपस्या की धरती है. ऐसे में जब नया जिला बना तो उसका नाम बाबा भर्तृहरि के नाम पर रखा जाना सौभाग्य की बात है. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खैरथल-तिजारा जिले को राजा भर्तृहरि के नाम पर भर्तृहरि नगर के रूप में बड़ा सम्मान दिया है.
जिले के विकास के लिए अथॉरिटी बनाएंगे: केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि भिवाड़ी के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने भिवाड़ी डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाकर जिले के समग्र विकास को गति दी. जिले के विकास के लिए जल्द ही अथॉरिटी बनाई जाएगी. भर्तृहरि नगर जिले में मेडिकल और पॉलिटेक्निक कॉलेज, जिला अस्पताल, बस डिपो, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित अन्य जिला स्तरीय कार्यालय का निर्माण किया जाएगा. कुछ दिन पहले ही जिले में सेशन कोर्ट बनाया है. मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भर्तृहरि नगर जिला सबसे आगे है. भिवाड़ी और खैरथल में क्षमता है कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भर्तृहरि नगर देश का नंबर वन जिला बना सकें.
दूषित जल की समस्या का होगा निराकरण: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भिवाड़ी के विकास में बाधा बन रहे दूषित जल भराव का जल्द समाधान किया जाएगा. जिले में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए चंबल-भरतपुर पेयजल परियोजना के साथ ही अन्य कई योजनाओं को गति दी जाएगी.




















