जोधपुर: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा है कि कांग्रेस राज में हुए भ्रष्टाचार ने युवाओं को निराश किया था. वर्ष 2021 एसआई भर्ती प्रकरण का मामला नकल माफिया द्वारा किया गया था. कांग्रेस सरकार के समय कांग्रेस के नेताओं द्वारा यह भ्रष्टाचार किया गया, लेकिन हर सरकार का अपना अलग मत होता है. हमारी सरकार ने आते ही एसआईटी का गठन किया और नकल माफिया पर नकेल कसी, जो लोग भर्ती में फर्जी पाए गए थे, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई है. भर्ती रद्द करने का निर्णय अदालत का है, इसलिए इस पर किसी को क्रेडिट नहीं लेना चाहिए.
मंत्री गहलोत माली संस्थान के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जोधपुर आए थे, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस मौके पर मंत्री गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि न्यायालय का निर्णय आया है. यह परंपरा रही है कि अदालत के निर्णय पर क्रेडिट नहीं लेते. एसआई भर्ती मामले में चूंकि अदालत का फैसला आया है, इसलिए यह फैसला हम सबके लिए सर्वमान्य है. फैसले पर बैठकर बातचीत करेंगे. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में युवाहित और प्रदेश हित में फैसला लिया जाएगा.
मंत्री किरोड़ीलाल मीणा और रालोपा प्रमुख हनुमान बेनीवाल के बीच हुए विवाद पर अविनाश गहलोत ने कहा कि यह विवाद उन दोनों के बीच का है, ऐसे में वे ही टिप्पणी करें तो बेहतर होगा. निजी चैनल पर किरोड़ी लाल मीणा और हनुमान बेनीवाल के बीच हुए ऑडियो वायरल मामले में पैसे के लेन-देन को लेकर हुई बातचीत पर बोलते हुए अविनाश गहलोत ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और ईमानदारी होना आवश्यक है. जिन लोगों ने इस काले खेल में हिस्सा लिया है, उनको लोग जानते हैं और जनता उन्हें जवाब देगी. जोधपुर में होने वाली संघ की समन्वय बैठक के बारे में मंत्री गहलोत ने कहा कि संघ हमेशा भारतीय जनता पार्टी को सलाह देने का काम करता है. किस तरीके से समन्वय के साथ देश और राजस्थान में काम हो सके, इस पर चर्चा होगी.
विपक्ष को माफी मांगनी चाहिए: राजस्थान विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले सर्वदलीय बैठक की परंपरा रही है. हर बार जब भी कोई फैसला होता है, तो वह बैठक में होता है, लेकिन कांग्रेस ने एक अनुचित निर्णय लिया है और बैठक में शामिल नहीं हुई. राजस्थान की जनता इसकी निंदा करती है. विपक्ष को माफी मांगनी चाहिए. गहलोत ने कहा कि बिहार में आम चुनाव से पहले राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा पीएम मोदी और उनकी स्वर्गीय माता जी के लिए जो शब्द प्रयोग किए गए, उसकी पूरे देश निंदा करता है. उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए.




















