कोटा: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के आयोजित नीट यूजी परीक्षा के परिणाम के आधार पर ऑल इंडिया 15 फीसदी कोटा की सेंट्रल काउंसलिंग शुरू हो गई है. इसके तहत एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग 2025 के लिए प्रवेश मिलेगा. कैंडिडेट इसके लिए रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन करवा सकते हैं. दोपहर 2:00 बजे यह रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं, जिसके लिए कैंडिडेट को मेडिकल काउंसिल कमेटी (MCC) की वेबसाइट पर दिए गए लिंक के जरिए रजिस्ट्रेशन करवाना होगा. जिसकी प्रक्रिया भी इस तरह से है.
कैंडिडेट्स को नीट यूजी के रजिस्ट्रेशन और एप्लीकेशन नंबर के जरिए ही रजिस्ट्रेशन करना होगा. पहले राउंड के लिए आज से शुरू हुई रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 28 जुलाई दोपहर 12:00 बजे तक जारी रहेगी. कैंडिडेट इसमें 28 जुलाई दोपहर 3:00 बजे तक फीस भी जमा कर पाएगा.
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा का कहना है कि चॉइस फिलिंग 22 जुलाई से शुरू होगी. कैंडिडेट्स को चॉइस फिलिंग करने के पहले संबंधित मेडिकल संस्थानों की नियम और शर्तें भी जान लेना चाहिए. कई संस्थान ऐसे हैं, जिनमें एडमिशन के साथ-साथ बॉन्ड भी भरवाया जाता है. ऐसे में कैंडिडेट अगर उनकी चॉइस फिलिंग करता है तो उन्हें बॉन्ड भी भरना होगा.
आपको बता दें कि काउंसलिंग में भाग लेने के लिए मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2025 के आधार पर 12.36 लाख कैंडिडेट को क्वालिफाइड घोषित किया गया है. एमसीसी ने सेंट्रल काउंसलिंग के पहले चरण में भाग ले रहे 775 मेडिकल कॉलेज की सूची जारी की थी, जिनमें 115900 सीटें हैं. इनमें 432 सरकारी या गवर्नमेंट सोसायटी के मेडिकल कॉलेज में 60636 एमबीबीएस की सीटें हैं. जिनमें 343 प्राइवेट और ट्रस्ट के मेडिकल कॉलेज में 55264 सीटें हैं. जबकि देश के 20 एम्स की भी 2182 सीटें हैं.
यह रहेगा रजिस्ट्रेशन का प्रोसेस :
- काउंसलिंग के रजिस्ट्रेशन करने के लिए कैंडिडेट को नीट यूजी का रोल नंबर.
- कैंडिडेट को नीट यूजी का एप्लीकेशन नंबर.
- कैंडिडेट स्वयं का नाम.
- मां का नाम.
- डेट ऑफ बर्थ.
- सिक्योरिटी पिन डालना होगा.
- इसके बाद रजिस्ट्रेशन के अगले फेज में कंप्यूटर स्क्रीन पर मोबाइल नंबर ईमेल ऐड्रेस दर्शाया जाएगा.
- यहां पर आपको पासवर्ड भी बनाना होगा.
- इसके बाद अगली विंडो में ईमेल आईडी और पासवर्ड वेरीफाई करने होंगे.
- इसके लिए ओटीपी मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी पर भेजा जाएगा, जिसको वेरीफाई करना होगा.
- कैंडिडेट्स को इसके बाद एप्लीकेशन फॉर्म में जेंडर, नेशनलिटी रिलीजन, कैटेगरी भरनी होगी.
- इनमें से अधिकांश नीट यूजी के आधार पर ऑटोफिल हो जाएगी.
- कैंडिडेट इनमें सुधार भी कर सकता है.
- इसके बाद यह भी उसे जानकारी देनी होगी कि आर्म्ड फोर्स मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लेना चाहते हैं या नहीं.
- इसके आगे उन्हें फीस रिफंड के लिए अपने बैंक अकाउंट की डिटेल देनी होगी. जिनके लिए पीडीएफ भी अपलोड करना होगा.
- फिर क्वालिफिकेशन डिटेल भरनी होगी.
- इसके बाद वह इस फॉर्म को सबमिट कर सकते हैं.
- अगली बार नीट यूजी रोल नंबर और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा, लेकिन हर बार ओटीपी मोबाइल नंबर या ईमेल के जरिए वेरीफाइड होगा.




















