कोटा: इस दीपावली पर कोटा से उत्तर प्रदेश और गुजरात जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. उत्तर प्रदेश के मऊ से गुजरात के सूरत के उधना स्टेशन तक वीकली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. ट्रेन 27 सितंबर से 2 नवंबर के बीच चलाई जाएगी.
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने कहा कि इस स्पेशल ट्रेन से कोटा मंडल के यात्रियों को भी फायदा होगा. यह कोटा मंडल के पांच स्टेशन पर ठहरेगी. उधना पूजा स्पेशल के नाम से 05017 नंबर ट्रेन 27 सितंबर से 1 नवंबर के बीच 6 ट्रिप करेगी. यह मऊ जंक्शन से शनिवार सुबह 5:30 बजे रवाना होगी और देर रात 1:15 बजे कोटा पहुंचेगी. अगले दिन रविवार दोपहर 12 बजे उधना पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 05018 उधना से मऊ 28 सितंबर से 2 नवंबर के बीच 6 ट्रिप करेगी. हर रविवार दोपहर 3 बजे रवाना होगी और देर रात 1:20 बजे कोटा पहुंचेगी. अगले दिन सोमवार रात 10:30 पर मऊ पहुंचेगी.
यहां होगा ठहराव: जैन ने बताया कि यह ट्रेन आते और जाते समय वडोदरा, रतलाम, नागदा, शामगढ़, भवानी मंडी, कोटा, गंगापुरसिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बादशाह नगर, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर, देवरिया सदर, भटनी, सलेमपुर व बेल्थरा रोड स्टेशन पर रुकेगी. इसकी बुकिंग शुरू हो गई. इसमें जनरल के साथ स्लीपर थर्ड और सेकंड एसी के कोच हैं.
1 अक्टूबर तक मथुरा-कोटा पैसेंजर अलवर तक : 1 अक्टूबर तक मथुरा-कोटा पैसेंजर ट्रेन को अलवर तक बढ़ाया है. अलवर से ट्रेन नंबर 19110 रात 1:00 बजे रवाना होकर सुबह 4:00 बजे मथुरा पहुंचती है. वहां से 5:00 बजे कोटा रवाना होती है. इसके बाद दोपहर 1:20 बजे कोटा पहुंचती है.




















