अलवर : जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी की ओर से शुरू किए गए ‘ऑपरेशन साइबर संग्राम’ के तहत पुलिस ने एक माह में ठगी के 66 प्रकरण दर्ज किए. साथ ही 46 लाख 42 हजार 627 रुपए की राशि होल्ड करवाई गई. वहीं, 7 परिवादियों के खाते में 2 लाख 28 हजार 550 रुपए की राशि भी रिफंड कराई गई.
पुलिस अधीक्षक चौधरी ने बताया कि जिले में साइबर संग्राम अभियान 1 अगस्त से शुरू किया गया था. अभियान के तहत एक माह में पीड़ित व्यक्तियों की 46 लाख रुपए से ज्यादा की राशि होल्ड करा ठगों से बचाई गई. वहीं, महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के राज्यों की पुलिस को 5 शातिर साइबर ठगों को सौंपा गया. अलवर में बैठे साइबर ठग देश के किसी भी कोने में लोगों को अपना शिकार बना लेते हैं. ऐसे साइबर ठगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने बताया कि एक माह में समन्वय पोर्टल पर साइबर अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए 66 प्रकरणों में 103 अपराधियों को चिह्नित किया गया है. सभी शातिर ठगों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की गई. साथ ही साइबर ठगी की वारदात में शामिल 171 साइबर आरोपियों के वारंट नोटिस भौतिक सत्यापन के लिए अन्य जिलों व राज्यों में भी भेजे गए हैं.
162 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद : एसपी चौधरी ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर कार्रवाई करते हुए 123 गुमशुदा मोबाइलों को भी बरामद कर परिवादियों को लौटाए गए. वहीं, 39 अन्य मोबाइल भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जल्द ही परिवादियों को लौटाया जाएगा. 162 मोबाइल एक माह में बरामद किए गए हैं. साइबर जागरूकता के 180 शिविरों में पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी एवं सीएलजी के सदस्यों के सहयोग से करीब 15 हजार 729 लाभार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया.
साइबर फ्रॉड होने पर पुलिस को दें जानकारी : पुलिस अधीक्षक चौधरी ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की जानकारी वे 1930 या 8764874306 पर दे सकते हैं. साथ ही व्यक्ति किसी भी तरह के झांसे में न आए आजकल ठग नए-नए प्रलोभन देकर लोगों को अपने चंगुल में फंसा रहे हैं.
साइबर ठगी से बचने के लिए ये सावधानी बरतें :
- कोई भी व्यक्ति अपना ओटीपी, पिन शेयर नहीं करें.
- नेट बैंकिंग के स्पेशल कैरक्टर्स के साथ कंपलेक्स पासवर्ड रखें.
- नाम,मोबाइल नंबर व जन्म तिथि को पासवर्ड नहीं बनाएं.
- लॉटरी, कैशबैक, रिफंड, गिफ्ट्स, रीवार्ड्स सहित अन्य ऑनलाइन प्रलोभन से सावधान रहें.
- सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टू स्टेप वेरीफिकेशन ऑन रखें.
- कस्टमर केयर नंबर कभी गूगल से सर्च न करें.
- अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल रिसीव नहीं करें.
- पब्लिक वाई-फाई में ऑनलाइन शॉपिंग व बैंकिंग ट्रांजेक्शन नहीं करें.
- ऑनलाइन सोशल साइट्स पर पर्सनल फोटो व वीडियो शेयर नहीं करें.




















