सिरोही: रविवार सुबह 11 बजे देशभर में प्रसारित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर हर जगह उत्साह देखा गया. जिले के आबूरोड में आदिवासी बहुल भाखर क्षेत्र में यह कार्यक्रम एक विशेष अंदाज में सुना गया. यहां ग्रामीणों और भाजपा पदाधिकारियों ने नेटवर्क और टीवी सुविधा नहीं होने के बावजूद 50 फीट ऊंची पहाड़ी पर चढ़कर मोबाइल नेटवर्क के जरिए प्रधानमंत्री की बातों को सुना.
भाजपा जिला महामंत्री रामलाल रनोरा ने बताया कि रविवार को उपलीफली भाखर क्षेत्र में नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को पास की पहाड़ी पर चढ़ना पड़ा. यहां एक टेकरी पर बैठकर उन्होंने अपने मोबाइल फोन के जरिए ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना. भाखर मंडल अध्यक्ष दशरथ सिंह ने जानकारी दी कि भाखर क्षेत्र के सभी बूथों पर ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों से ग्रामीणों में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार हुआ है. इस दौरान रामलाल, सवाराम, जलमाराम, उमाराम, वागराम, नाकि देवी, मैवी देवी और निक्की कुमारी सहित ग्रामीण पुरुष, महिलाएं और युवा मौजूद रहे.
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि पहाड़ों पर बारिश आफत बन गई है, लेकिन सरकार और एजेंसियां लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. पीएम ने बताया कि NDRF और SDRF की टीमें सुरक्षाबलों के साथ मिलकर दिन-रात काम कर रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों तक हरसंभव मदद पहुंच सके. इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव तक शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर पहुंचाने के लिए सतत प्रयासरत है. मोदी की अपील पर ग्रामीणों ने भी आशा जताई कि भविष्य में उनके क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.




















