झालावाड़: कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा शुक्रवार को अचानक झालावाड़ जिले के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे. यहां उन्होंने पीपलोदी स्कूल हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के आश्रितों व ग्रामीणों से मुलाकात की. कैबिनेट मंत्री ने मृतक आश्रितों को 1-1 लाख रुपए तथा घायल बच्चों के अभिभावकों को 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि सौंपी. इसके बाद वे पूर्व विधायक कंवर लाल मीणा से मुलाकात करने जिला कारागृह पहुंचे.
किरोड़ीलाल मीणा अंता से पूर्व विधायक रहे कंवर लाल मीणा से मुलाकात करने के लिए जिला कारागृह पहुंचे. उन्होंने करीब 30 मिनट तक पूर्व विधायक से मुलाकात की. हालांकि जिला कारागृह में पहले से बंद नरेश मीना से मुलाकात को लेकर उन्होंने इनकार किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि कंवरलाल मीणा से बातचीत के दौरान उनके द्वारा राज्यपाल के समक्ष लगाई गई याचिका पर भी चर्चा हुई. मीणा की दया याचिका पर फैसला राज्यपाल को लेना है, लेकिन वह पूर्व विधायक मीणा की बात को आगे पहुंचाने का काम करेंगे.
जिला कारागृह से बाहर आने के बाद कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि व फसलों में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए वह लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं. ऐसे में आज वह अचानक बिना सूचना के झालावाड़ पहुंचे हैं. उन्होंने पीपलोदी स्कूल हादसे में बच्चों के आश्रितों तथा ग्रामीणों से भी मुलाकात की है. मृतक बच्चों के आश्रितों को एक-एक लाख रुपए और घायलों को 10 हजार की आर्थिक सहायता राशि सौंपी है.
इससे पहले कैबिनेट मंत्री खानपुर कस्बे गए. जहां उन्होंने मत्स्य भगवान के दर्शन किए. इस दौरान मीणा समाज के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया. कृषि मंत्री से किसान संघ के नेताओं ने भी अपनी समस्या साझा की. किसानों ने अतिवृष्टि से खराब हुई फसल का जल्द सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की बात कही. वहीं फसलों के लिए डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा.




















