जयपुर: 16वीं विधानसभा के चौथे सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को प्रश्नकाल में जमीन भूमाफिया, चोरी की वारदात, गोशाला अनुदान और सरिस्का वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में CTH की सीमाओं के पुनर्निर्धारण से जुड़े सवाल जवाब हुए. बीते दो दिन के मुकाबले गुरुवार को प्रश्नकाल शांतिपूर्ण चला. हालांकि सदन में प्रश्नकाल से नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के सवाल को स्थगित किए जाने पर विपक्ष ने एतराज जताया. इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन है, इसलिए इस प्रश्न स्थगित किया गया है.
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का प्रश्न स्थगित होने पर विपक्ष ने एतराज किया. जूली ने सरिस्का वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में CTH की सीमाओं का पुनः निर्धारण को लेकर प्रश्न लगाया था. अध्यक्ष ने प्रश्न स्थगित किया तो विपक्ष ने एतराज जताते हुए कहा कि सदन में लगाए अहम सवाल को स्थगित कर दिया गया, जो ठीक नहीं है. इस पर अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि जो सवाल पूछा है, वो मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए प्रश्न स्थगित किया है. इसकी जानकारी नेता प्रतिपक्ष को दे दी थी.
ये सवाल जवाब हुए: प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक मनीष यादव ने शाहपुरा क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर सवाल उठाया. इस पर मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि यहां भूमाफिया आरटीओ ऑफिस को भी अपनी सुविधा से ले गए. अब ट्रॉमा सेंटर को भी ले जाना चाहते हैं,यह बवंडर पिछले कांग्रेस के एमएलए की वजह से है. इस पर नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा कि मंत्री ने पहले जमीन को सही माना था, थोड़ी जगह कम बताई थी. इस मंत्री खींवसर ने कहा कि कांग्रेस ने 2021 में शुरू किया था, बना हम रहे हैं. किशनगढ़ क्षेत्र में चोरी के दर्ज प्रकरणों को लेकर विधायक विकास चौधरी के सवाल पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि हमने सीसीटीवी लगाए हैं. लगातार चोरी के खुलासे हो रहे हैं. सहायक साधनों के चलते चोरियां की वारदात का खुलासा पिछली सरकार की तुलना में इस बार ज्यादा हुआ.
नंदीशाला खोल रहे: गृह राज्यमंत्री बेढम ने कहा कि हमारी सरकार अपराधियों के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई की मंशा रखती है और कर भी रही है. किशनगढ़ मार्बल के लिए प्रसिद्ध है,लेकिन कई बार बाहर के लोग यहां काम करने आते हैं और फिर चोरियां होती है. सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है. हम लगातार कार्रवाई कर रहे हैं. मनोहर थाना विधायक गोविंद ने गोशालाओं के अनुदान बढ़ाने को लेकर सवाल पूछा तो मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं से गायों का संरक्षण कर रही है. सरकार जिला व पंचायत समिति स्तर पर नंदीशाला खोलने जा रही है. जिन गांव में चरागाह भूमि है, वहां गोशाला को भूमि आवंटित की जा रही है.




















