जयपुर: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद का दावा है कि बिहार में नीतीश कुमार ही फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे. रविवार को जयपुर दौरे पर आए रंजन ने कहा कि हम एनडीए के घटक दल हैं और इसमें कोई दुविधा नहीं है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही हम विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे. जब चुनाव के बाद अगली सरकार बनेगी तब अगली सरकार के मुखिया भी नीतीश कुमार ही होंगे.
रंजन ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए. रंजन ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जनता उनके साथ नहीं, हमारे साथ है. यह बात उन्हें पता है. बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और राजद की सबसे बुरी हार होने वाली है. इसलिए यह लोग अभी से ही बहानेबाजी कर अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग और इलेक्शन कमीशन पर फोड़ना चाहते हैं. इसीलिए चुनाव आयोग की कार्यशाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
रंजन ने बिहार में राहुल गांधी की वोट का अधिकार यात्रा को लेकर कहा कि लोकतंत्र में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने से कोई नहीं रोकता है, लेकिन यह एक अराजकता की तस्वीर बनती जा रही है. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी कह चुका है कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक बॉडी है. हम उसके कार्य को उसके क्षेत्राधिकार का हिस्सा मानते हैं. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची कभी भी स्थिर नहीं हो सकती है. समय-समय पर उसका पुनरीक्षण होता रहता है. कोई व्यक्ति जीवित नहीं है, कोई पलायन कर चुका है या एक से ज्यादा स्थानों पर वोटिंग करता है, तो ऐसे मतदाताओं की पहचान होनी चाहिए.
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को भी जवाब दे दिया है. लेकिन इन लोगों ने 65 लाख वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कोहराम मचा रखा है. उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई से संसद के सत्र चलते हैं, लेकिन संसद में चर्चा होने की बजाय हंगामा होने से कई विधायक बिना चर्चा के ही पारित हो जाते हैं.
बिहार चुनाव में 225 सीटें जीतने का दावा: जेडीयू प्रवक्ता रंजन ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन 225 सीटें जीतेगा. हमने यह लक्ष्य जनता के आशीर्वाद के आधार पर तय किया है. 243 सीटों में से 225 सीटें जितना हमारा लक्ष्य है. इससे साफ हो जाएगा कि हिंदुस्तान के इतिहास में कांग्रेस और राजद की सबसे बुरी हार होने वाली है. उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा को लेकर कहा कि यात्रा केवल कार्यकर्ताओं की हो रही है. इसमें आम जनता की कोई भागीदारी नहीं है.
कांग्रेस और राजद सिमटती जा रही है: जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि आज कांग्रेस 11 साल से केंद्र में सत्ता से बाहर चल रही है. जबकि राज्यों में भी कांग्रेस सिमटती जा रही है. यही हाल आरजेडी का भी हो रहा है. उन्होंने कहा कि 2010 में नीतीश कुमार के आशीर्वाद से आरजेडी एक साल के लिए सत्ता में आ गई थी. अगर नीतीश कुमार का साथ नहीं मिलता, तो 2010 में ही आरजेडी राजनीतिक मानचित्र से गायब हो जाती.
ओवैसी पर भी साधा निशाना: वहीं 15 अगस्त पर लाल किले की प्राचीन से प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आरएसएस की तारीफ किए जाने को लेकर एआईएम आईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर से सवाल खड़े करने पर जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि ओवैसी हर बात को केवल एक ही चश्मे से देखते हैं. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए. रंजन ने कहा कि भारत एक वैश्विक शक्ति बनने जा रहा है. हम विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं. केंद्र सरकार ने पाकिस्तान को घुटने पर ला दिया था. प्रधानमंत्री के संबोधन की कई और भी पहलु हैं जिन पर चर्चा होनी चाहिए.
ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस: इससे पहले ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस में शिरकत करने आए रंजन ने कहा कि यह एक वैश्विक संगठन है जिसमें यूरोप, अफ्रीका, अमेरिका जैसे तमाम देशों में भी ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस के चैप्टर हैं. उन्होंने कहा कि नेपाल एक ऐसा देश है जहां पर नेपाली कायस्थ वहां के मूल निवासी हैं. आज बैठक में बड़े कार्यक्रम कराए जाने को लेकर चर्चा हुई है. इसके साथ ही ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस को कैसे आगे बढ़ा जाए, इस पर भी चर्चा हुई, उन्होंने कहा कि फरवरी माह में कोलकाता में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है. बैठक में चर्चा कार्यक्रम की रूपरेखा, वित्तीय प्रबंधन को लेकर चर्चा हुई. संगठन का विस्तार कैसे होगा और जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं उनका रोड मैप क्या होना चाहिए. इस मौके पर डॉक्टर आदित्यनाथ, मेजर जनरल अनुज माथुर भी मौजूद रहे.




















