जयपुर : सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती-2021 में खुद की जगह डमी अभ्यर्थी बिठाकर परीक्षा पास करने वाले डालूराम मीणा को अब एसओजी ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है. उसने व्याख्याता भर्ती-2022 में भी धांधली की और अपनी भाभी की जगह शिक्षक पत्नी को डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा में बिठाया था. अब एसओजी ने डालूराम और उसकी शिक्षक पत्नी मौसमी मीणा को एसओजी की टीम ने जोधपुर जिले के भोपालगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से गहनता से पूछताछ की जा रही है.
एसओजी-एटीएस के एडीजी वीके सिंह ने बताया कि किठेकड़ा (दौसा) निवासी डालूराम मीणा और उसकी पत्नी मौसमी मीणा को गिरफ्तार किया गया है. मौसमी जोधपुर जिले में धेणुओं की ढाणी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में तृतीय श्रेणी अध्यापक (ग्रेड-2) है. दोनों को स्कूल व्याख्याता (हिंदी) भर्ती-2022 के पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया गया है. इस मामले की जांच में सामने आया कि डालूराम मीणा ने अपनी भाभी रेखा मीणा के स्थान पर अपनी पत्नी मौसमी मीणा को परीक्षा दिलवाई थी. दोनों व्याख्याता भर्ती मामले में वांछित थे और फरार चल रहे थे. डालूराम के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट भी जारी है. दोनों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी के डीआईजी परिस देशमुख के पर्यवेक्षण और एएसपी अनिल कुमार मीणा के निर्देशन में टीम का गठन किया गया. दोनों आरोपियों को भोपालगढ़ से गिरफ्तार किया है.
पूछताछ से मिला था एसआई पेपर लीक का सुराग : उन्होंने बताया कि एसआई भर्ती-2021 में ट्रेनी एसआई डालूराम को डमी कैंडिडेट के मुकदमे में पकड़ा गया था. उसने अपनी जगह किसी ओर को डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा में बिठाया था. उससे पूछताछ में ही एसआई भर्ती परीक्षा के पेपर लीक से जुड़ी कई अहम जानकारी हाथ लगी. इसके बाद एसओजी ने सिलसिलेवार जांच करते हुए 122 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 55 ट्रेनी एसआई हैं. हाल ही में राजस्थान हाईकोर्ट ने एसआई भर्ती को रद्द करने के आदेश दिए हैं.




















