चित्तौड़गढ़: जिले के बस्सी नाका क्षेत्र के संग्रामपुरा गांव में रविवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई. यहां एक खेत में 15 फीट लंबा अजगर एक श्वान को निगल लिया. श्वान को निगलने के बाद अजगर का वजन 50 किलो से बढ़कर करीब 80 किलो तक हो गया, जिससे वह भारीपन के कारण खेत की मेड़ पर ही निढ़ाल होकर लेट गया. खेत मालिक जब अपने खेत पर पहुंचा, तो इस दृश्य को देखकर घबरा गया और तुरंत ग्रामीणों और वन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
इस दौरान अजगर ने कई बार खतरा महसूस करते हुए टीम पर हमला करने की कोशिश की. आखिरकार टीम ने सुरक्षित तरीके से अजगर को काबू में किया. रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगले हुए श्वान को उगल दिया, लेकिन श्वान की मौत हो चुकी थी. वन विभाग ने अजगर को पकड़कर उसे पास के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया. वन्य जीव प्रेमी प्रकाश सेन ने इस रेस्क्यू को अंजाम दिया.
सरसी नाका प्रभारी नाका इंचार्ज रतिराम और सतवीर सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि बस्सी नाका क्षेत्र में अक्सर इस तरह की घटनाएं देखने को मिलती हैं, जहां खेतों और बस्तियों में बड़े-बड़े अजगर आ जाते हैं और पालतू पशुओं पर हमला कर देते हैं. वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे हालात में घबराने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें.




















