डूंगरपुर : जिले में एसपी मनीष कुमार की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर एक बंद बोड़ी कंटेनर से 50 लाख रुपए की अवैध शराब बरामद की है. मोटर पार्ट्स की आड़ में शराब की तस्करी की जा रही थी. पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस की ओर से शराब तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन स्वच्छता चलाया जा रहा है. इसी के तहत राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर से अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी. इस पर बिछीवाड़ा थाना अधिकारी कैलाश सोनी और रतनपुर चौकी प्रभारी गोविन्द सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बॉर्डर पर नाकाबंदी शुरू की. इस दौरान उदयपुर से आने वाले गाड़ियों की तलाशी ली गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बंद बोड़ी कंटेनर को रुकवाया और ड्राइवर से पूछताछ की, लेकिन वह सही जवाब नहीं दे सका.
इस पर पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें अवैध रूप से शराब के कार्टन भरी हुई थी. इसे लेकर चालक के पास कोई कागजात भी नहीं मिले. पुलिस ने शराब से भरे कंटेनर को जब्त कर लिया है. वहीं, शराब को कंटेनर से उतारकर गिनती की गई तो उसमें 439 पेटी शराब मिली. इसकी बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने शराब तस्करी करते ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस तस्कर से पूछताछ कर रही है. बिछीवाड़ा पुलिस ने एक दिन पहले सोमवार को भी अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 लाख की शराब से भरे ट्रक को जब्त किया था.




















