भारत में 12वीं कक्षा के बाद इंजीनियरिंग छात्रों के बीच सबसे पसंदीदा करियर विकल्पों में शामिल है. हर साल लाखों छात्र JEE की परीक्षा में भाग लेते हैं, ताकि उन्हें देश के प्रतिष्ठित IIT संस्थानों में दाख़िला मिल सके. हालांकि IIT में सीट न मिल पाना इस सपने का अंत नहीं होता. अगर आपने JEE एडवांस्ड या JoSAA काउंसलिंग के ज़रिए IIT में जगह नहीं बनाई, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. भारत में ऐसे कई और संस्थान हैं, जो बेहतरीन शिक्षा और शानदार प्लेसमेंट के लिए जाने जाते हैं.
आज हम बात कर रहे हैं IIIT तिरुचिरापल्ली की. यह एक ऐसा संस्थान जहां से पढ़ाई कर कई छात्रों को ऊंचे पैकेज की नौकरियां मिली हैं. यहां से एक छात्र को 46 लाख प्रति वर्ष तक का प्लेसमेंट पैकेज मिल चुका है. IIIT तिरुचिरापल्ली न सिर्फ शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए उभर रहा है, बल्कि इसका इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ पाठ्यक्रम और तकनीकी प्रगति इसे इंजीनियरिंग के इच्छुक छात्रों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनाता है.
IIIT तिरुचिरापल्ली: एक उभरता हुआ संस्थान
IIIT तिरुचिरापल्ली की स्थापना वर्ष 2013 में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत हुई थी. वर्ष 2017 में इसे ‘राष्ट्रीय महत्व का संस्थान’ घोषित किया गया. यह संस्थान तेजी से अपने बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार कर रहा है, हालांकि फिलहाल यह एक अंतरिम परिसर से संचालित होता है.
प्रवेश प्रक्रिया और सीटें
ECE प्रोग्राम में दाखिला JEE Main रैंक के आधार पर CSAB काउंसलिंग के माध्यम से होता है. IIIT तिरुचिरापल्ली में ECE ब्रांच के लिए कुल 75 सीटें उपलब्ध हैं. हालांकि IIIT तिरुचिरापल्ली को अभी तक NIRF 2024 में स्थान नहीं मिला है, फिर भी यह लगातार प्रगति कर रहा है. यह केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एक राष्ट्रीय महत्त्व का संस्थान है और शिक्षा जगत में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है.
46 लाख का मिलता है पैकेज
IIIT तिरुचिरापल्ली में वर्ष 2024 में सबसे ज्यादा प्लेसमेंट पैकेज 46 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा है. औसत पैकेज लगभग 10 लाख रुपये प्रति वर्ष और ECE ब्रांच की प्लेसमेंट दर 74% रही. प्रमुख कंपनियों में TCS, Amazon, Infosys, NVIDIA, IBM और Publicis Sapient शामिल हैं.
इंडस्ट्री से जुड़ाव और प्रैक्टिकल अनुभव
PPP मॉडल पर आधारित यह संस्थान इंडस्ट्री की ज़रूरतों के अनुसार कोर्स को अपडेट करता रहता है. छात्रों को इंडस्ट्री-फ्रेंडली इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट्स का अच्छा अनुभव मिलता है. IIIT तिरुचिरापल्ली एमटेक जैसे पोस्टग्रेजुएट प्रोग्रामों के ज़रिए उच्च शिक्षा में भी अपना दायरा बढ़ा रहा है. यह आने वाले वर्षों में रिसर्च के क्षेत्र में भी मज़बूत उपस्थिति दर्ज कराने की ओर अग्रसर है.




















