चूरू: भरी सभा में आरएलपी सुप्रीमो द्वारा पुलिसकर्मियों पर टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. गुरुवार को चूरू दौरे पर रहे बीकानेर आईजी हेमंत शर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से बात करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को पुलिस की छवि खराब करने का अधिकार नहीं है. आईजी हेमंत शर्मा ने नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा तेजा दशमी के कार्यक्रम में बीदासर में सार्वजनिक मंच से पुलिस कर्मियों पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए जमकर ना सिर्फ लताड़ लगाई बल्कि ये तक कह दिया यहां से चलो, वरना पटकर मेडिकल करवाऊंगा.
आरएलपी सुप्रीमो का सार्वजनिक मंच से यूं पुलिसकर्मियों पर टिप्पणी करने का यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मिडिया पर जमकर वायरल हो गया था. उसी वायरल वीडियो पर आईजी हेमंत शर्मा ने गुरुवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को बिना साक्ष्य के ऐसी बात करना शोभा नहीं देता. आईजी हेमंत शर्मा ने कार्रवाई के सवाल पर कहा कि हमने सांसद द्वारा कहे शब्दों का पूरा वीडियो रिकॉर्ड पर ले रखा है. कानूनी प्रक्रिया के लिहाज से जो भी तथ्य सामने आते हैं, उस पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
गौरतलब है कि चूरू में तेजा दशमी को आयोजित एक सभा में हनुमान बेनीवाल मंच से उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पुलिसकर्मी पर नशे में होने का आरोप लगा दिया. इतना ही नहीं, उन्होंने भरे मंच से अपने आरोपों के आधार पर पुलिसकर्मी को फटकारा भी. बेनीवाल ने पुलिसकर्मियों को सभा स्थल से चले जाने को भी कहा. साथ ही कहा कि अगर वे नहीं गए, तो उनका मेडिकल करवाया जाएगा.




















