जयपुर: राजस्थान में मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने एक बार फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 8 सितंबर सोमवार को मौसम विभाग के मुताबिक जोधपुर और उदयपुर संभाग में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. आज जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, उनमें सिरोही, बालोतरा , बाड़मेर , जैसलमेर और जालौर जिले शामिल हैं. जिनमें यह चेतावनी जारी की गई है. जबकि बांसवाड़ा, डूंगरपुर , सलूंबर, उदयपुर , राजसमंद पाली, जोधपुर और फलोदी जिले में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा.
प्रदेश में लगातार जारी बरसात के दौर के बीच जनजीवन पर खासा असर पड़ा है. लिहाजा अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से आज प्रदेश के 8 जिलों में एतिहातन स्कूल बंद रखे गए हैं. जहां आज स्कूल बंद है, उन जिलों में सिरोही , जालोर , जैसलमेर , बाड़मेर , बालोतरा , डूंगरपुर , उदयपुर और सलूंबर शामिल हैं.
बीते 24 घंटों में हाल ए बारिश : राजस्थान में बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है. सर्वाधिक वर्षा माउंट आबू (सिरोही) में 25 सेमी और सांचौर (जालौर) में 12 सेमी दर्ज की गई. इसके अलावा आबू रोड (सिरोही) में 5, प्रतापगढ़ में 4, रेवदर (सिरोही) में 3, कोटड़ा (उदयपुर) में 3, वेजा (डूंगरपुर) में 3, बाड़ी (धौलपुर) में 3, गलियाकोट (डूंगरपुर) में 3 और गुड़ामालानी (बाड़मेर) में 10 सेमी बारिश हुई. वहीं जसवन्तपुरा (जालौर) में 6, डोरीमन्ना (बाड़मेर) में 5, टिबी (हनुमानगढ़) में 5, रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर) में 4, बागोड़ा (जालौर) और शेरगढ़ (जोधपुर) में 3-3 सेमी वर्षा दर्ज की गई.
राजस्थान के अन्य कई हिस्सों जैसे सेड़वा (बाड़मेर), संगरिया (हनुमानगढ़), सागवाड़ा (डूंगरपुर), भीलवाड़ा, फलोदी, जोधपुर, बाड़मेर, सिंदरी और भोपालगढ़ में 1 से 2 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई. अधिकांश स्थानों पर 1 सेमी से कम बारिश हुई. लगातार हो रही बरसात से एक ओर जहां तापमान में गिरावट आई है, वहीं नदी-नालों में पानी की आवक बढ़ने से जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है.
रेल और सड़क पर भी असर : उदयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा. लगातार हो रही वर्षा के बीच आज तड़के उदयपुर-झाड़ोल मार्ग पर नेशनल हाईवे 58-ई पर ऊंडावेला बस स्टैंड के पास भूस्खलन हो गया, जिससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया. सुबह 4 बजे हुए इस लैंडस्लाइड के कारण करीब दो घंटे तक वाहन चालक फंसे रहे. सूचना पर पुलिस व एनएच अथॉरिटी की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाकर यातायात बहाल कराया.
इधर, भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा. अजमेर मंडल के फुलाद-खामलीघाट रेल खंड में लगातार हो रही बरसात से गोरम घाट पहाड़ियों पर ट्रैक पर मलबा गिर गया. इस कारण 52075 मारवाड़ जंक्शन-खामलीघाट और 52076 खामलीघाट-मारवाड़ जंक्शन ट्रेनें आज रद्द रखी गईं. उत्तर पश्चिम रेलवे प्रशासन ने ट्रैक पर संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. रेलवे की टीमें मलबा और चट्टानें हटाने के काम में जुटी हुई हैं. दो दिन पहले भी इसी ट्रैक पर चट्टानें गिरी थीं, जिसके चलते संचालन प्रभावित हुआ था.
मुख्यमंत्री आज करेंगे राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा : प्रदेश में अतिवृष्टि से बने हालातों को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज शाम 5:30 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय में राहत बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे. बैठक में मंत्रियों और प्रभारी सचिवों से सीएम जमीनी हालात का फीडबैक लेंगे. इसमें राहत और बचाव कार्यों की प्रगति, गिरदावरी की स्थिति, फसल नुकसान और मुआवजा प्रक्रिया, पशुहानि का आकलन, चारे व पशु चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता जैसे मुद्दों की बारीकी से समीक्षा होगी.
प्रभारी मंत्री और सचिव अपनी-अपनी रिपोर्ट सीएम को सौंपेंगे. सीएम के निर्देश पर मंत्री और विधायक पिछले तीन दिन से अतिवृष्टि प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं. भाजपा के सभी विधायक भी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे हैं. सरकार मंत्रियों और सचिवों की रिपोर्ट के आधार पर राहत देने की कार्ययोजना तैयार करेगी.
बीसलपुर और जवाई बांध से पानी की निकासी : बीसलपुर बांध परियोजना अधिकारियों ने ओवरफ्लो के चलते पानी की निकासी की मात्रा घटा दी है. बांध के 6 गेट खोलकर फिलहाल 84,140 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. इसमें रेडियल गेट नंबर 10 और 11 को 3-3 मीटर और गेट नंबर 8, 9, 12 और 13 को 2-2 मीटर की ऊंचाई से खोला गया है. डाउन स्ट्रीम में बनास नदी तेज उफान के साथ बह रही है. कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश और तेज आवक के कारण बांध ओवरफ्लो हो रहा है.
इधर, सुमेरपुर स्थित जवाई बांध से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है. यहां बांध का गेज 60 फीट पर पहुंच गया है और इसे 7000 एमसीएफटी पर मेंटेन किया जा रहा है. जवाई बांध के 3 गेट से 1-1 फीट पानी छोड़ा जा रहा है. अब तक इस बांध से 1430 एमसीएफटी पानी की निकासी की जा चुकी है.




















