अलवर: विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार को युवाओं की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है. कांग्रेस, एनएसयूआई के साथ ही भाजपा से जुड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मांग पर भी सरकार छात्रसंघ चुनाव नहीं करा रही है. यहां तक कि खुद सरकार के 20 मंत्री और कई विधायक मांग कर चुके, लेकिन सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ा.
प्रतिपक्ष नेता जूली मंगलवार को अपने कार्यालय पर पत्रकारों से बात कर रहे थे. जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा युवाओं को गुमराह कर रही है. चुनाव से पहले भाजपा ने सरकार में आने पर रोजगार देने सहित कई वादे किए थे, लेकिन अब वह न तो नौकरी दे रही और न ही उनकी मांगों पर ध्यान दे रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि इन दिनों छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग चल रही है, लेकिन सरकार छात्रों की बात नहीं सुन रही. जूली ने आरोप लगाया कि पहले भी भाजपा ने छात्रसंघ चुनाव पर रोक लगाई थी. बाद में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद ही रोक हटाई गई थी.
अलवर में पुलिस का इकबाल खत्म: प्रतिपक्ष नेता जूली ने आरोप लगाया कि अलवर में पुलिस महकमे की हालत खराब है, पुलिस ने खुद ही अपना रुतबा खराब किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि अलवर में जिस तरह पुलिस द्वारा आमजन से मारपीट की घटनाएं की जा रही है, इसको लेकर आमजन व पुलिस के बीच आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है. अलवर में चोरी, डकैती, लूटपाट सहित अपराध की अनेक घटनाएं हो रही हैं. पुलिस इन पर रोक नहीं लगा पा रही. ऐसा लगता है कि पुलिस ही मिलीभगत कर अपराध की घटनाओं को बढ़ा रही है. जूली ने कहा कि पुलिस खुद ही अपना इकबाल खत्म करने पर तुली है.
सरकार नहीं मान रही पेपर लीक हुआ: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि एसआई भर्ती परीक्षा लीक की बात प्रदेश की सरकार नहीं मान रही है. सरकार का कहना है कि कुछ ही लोगों के पास पेपर आया था और उस भर्ती को निरस्त नहीं करना चाहती. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआई पेपर लीक प्रकरण में सरकार अलग- अलग बात कह रही है.




















