जयपुर: केंद्र की मोदी सरकार ने जीएसटी स्लैब कम करके मध्यम वर्ग और गरीबों को महंगाई से बड़ी राहत दी है. आम आदमी को सीधे तौर पर मिलने वाली इस राहत से जुड़े मुद्दे को भाजपा आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में रामबाण की तरह इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है. जीएसटी स्लैब कम होने के बाद अब भाजपा प्रदेश भर में एक जन चेतना अभियान चलाएगी. इस अभियान के तहत पार्टी केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी में दी गई राहत की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ कुटीर उद्योग और ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने का संदेश भी देगी.
महंगाई दर कम होगी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि जीएसटी संशोधन आम जनता और महिलाओं के लिए राहत की नई किरण लेकर आया है. जीएसटी के सरलीकरण से आम उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा. यही नहीं, एमएसएमई (माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज) को भी प्रोत्साहन मिलेगा.
राठौड़ ने कहा कि देश आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है. जब दुनिया में महंगाई दर बढ़ रही है, उस समय भारत में महंगाई दर कम हो रही है. 2014 में जब भारत में महंगाई दर 9.8 फीसदी थी, वह घटकर 2.1 फीसदी रह गई है. अब जीएसटी में जो राहत दी गई है, उसके बाद महंगाई दर और घटकर 1 फीसदी पर आ सकती है. राठौड़ ने कहा कि हमारी जीडीपी बढ़ रही है.
चलेगा जन चेतना अभियान: राठौड़ ने कहा कि जीएसटी स्लैब में दी गई राहत के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जन चेतना अभियान चलाया जा रहा है. जीएसटी में बदलाव के बाद कुटीर उद्योग को एक बड़ा बूस्ट (प्रोत्साहन) मिलेगा. कुटीर उद्योग पनपेगा तो ‘लोकल फॉर वोकल’ भी बढ़ेगा. अभियान के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि स्थानीय उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करें. साथ ही जो उद्यमी हैं, उनसे भी आग्रह किया जाएगा कि वे ऐसी वस्तुओं का निर्माण और उत्पादन करें कि हमें बाहर से आयात न करना पड़े. इससे उत्पादन भी बढ़ेगा. देश व प्रदेश आर्थिक रूप से मजबूत भी होंगे. हम आत्मनिर्भर भारत बना सकेंगे.




















