जयपुर : त्योहारी सीजन से पहले सोना और चांदी लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है, जयपुर सर्राफा बाज़ार में सोने और चांदी की कीमतें नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई है. सर्राफा बाज़ार से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल त्योहारी सीज़न शुरू नहीं हुआ है लेकिन सोने की कीमतें लगातार बढ़ने लगी है. त्योहारी सीजन के बाद जब वेडिंग सीजन शुरू होगा तो सोने की कीमत और अधिक बढ़ सकती है जिसके कारण सोने में तेजी का दौर बना रहेगा.
सोमवार को जयपुर सर्राफा बाज़ार की ओर से जारी की गई सोने और चांदी की कीमतों की बात करें तो बीते दिन के मुक़ाबले 24 कैरट सोने की कीमतों में 1100 रुपए का उछाल देखने को मिला जिसके बाद 24 कैरेट सोने की कीमत 107400 रु प्रति 10 ग्राम रही. वहीं 22 कैरेट सोने की कीमतों में भी 1000 रुपए प्रति 10 ग्राम का उछाल देखने को मिला और 22 कैरेट सोने के दाम 100100 रू प्रति 10 ग्राम दर्ज किए गए हैं.
चांदी रिकॉर्ड स्तर पर : इसके अलावा चांदी की कीमतों की बात करे तो चांदी आल टाइम हाई पहुंच गई है,बीते दिन के मुकाबले चांदी की कीमतों में 4100 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी देखने को मिली है. जिसके बाद चांदी की कीमत 1 लाख 28000 हजार रुपए प्रति किलो रही है, जयपुर सर्राफा बाजार के कैलाश मित्तल अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इससे पहले सोने और चांदी के भाव में ऐसा उछाल नहीं देखा, खास तौर पर चांदी की बात करें तो चांदी में इतनी तेजी बाजार में कभी नहीं देखी गई.




















