कुचामनसिटी: जिले के डीडवाना शहर में संचालित एक निजी संस्थान ने शिक्षा के नाम पर पचास से अधिक छात्राओं को ठग लिया. यहां इस संस्थान ने ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) के एक वर्षीय डिप्लोमा का झांसा देकर 50 से अधिक युवतियों से लाखों रुपए ऐंठ लिए. संस्थान का संचालक फीस लेकर अचानक फरार हो गया और संस्थान पर ताला जड़ दिया.
डीडवाना पुलिस उपाधीक्षक धर्म पूनिया ने बताया कि ठगी का शिकार हुई छात्राओं और उनके परिजनों ने डीडवाना थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया है. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. पीड़ितों का कहना है कि शिक्षा के नाम पर इस तरह की धोखाधड़ी से न केवल उनका समय और पैसा बर्बाद हुआ है, बल्कि उनके भविष्य के सपने भी टूट गए हैं. पीड़ित छात्रा दीपिका राठौड़, मनीषा शर्मा व मोनिका आदि ने आरोप लगाया कि संचालक ने 15 से 20 हजार रुपए लेकर गारंटी दी थी कि उन्हें मान्यता प्राप्त एक वर्षीय डिप्लोमा मिलेगा. छात्राओं ने पूरा भुगतान कर कोर्स में प्रवेश ले लिया, लेकिन एक साल से अधिक बीत जाने के बाद भी न तो किसी को डिप्लोमा मिला और न ही कोई सही जानकारी दी गई.
फोन बंद, दूसरे नंबर से धमकियां: छात्राओं का कहना है कि जब उन्होंने बार-बार संचालक और उसके सहयोगियों से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनका फोन उठाना बंद कर दिया गया. इतना ही नहीं, कुछ छात्राओं को दूसरे नंबर से कॉल कर धमकियां दी गई कि चाहे पुलिस में शिकायत करो या कहीं और, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग: छात्राओं और परिजनों ने प्रशासन से इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का कहना है कि शिक्षा के नाम पर इस तरह से युवतियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना गंभीर अपराध है और प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए.




















