कुचामनसिटी : नाबालिग के अपहरण के मामले में 14 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लगने के मामले में बुधवार को समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में रैली निकालकर थाने का घेराव किया. उन्होंने आरोपियों को फांसी देने की मांग की. इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की. वहीं, इस मामले में एडिशनल एसपी नेमीचंद खारिया ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है.
समाज के लोगों ने बाजार बंद की चेतावनी देते हुए धरने की भी बात कही थी. हालांकि, बाजार पूरी तरह बंद नहीं हुआ. शिव मंदिर परिसर में रैली से पहले एक बड़ी मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए. महिलाओं के साथ समाज के लोगों ने पोस्टर लेकर शिव मंदिर से रैली निकाली. समाज ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के साथ ही स्थानीय विधायक एवं मंत्री विजय सिंह चौधरी के खिलाफ भी नारेबाजी की. रैली लायन सर्कल से होते हुए पुलिस थाने की ओर बढ़ी. पुलिस थाने पहुंचने के बाद वहां लोगों ने धरना प्रदर्शन किया.
पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर नामजद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और तकनीकी सहायता का भी उपयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद कर लिया जाएगा.
बता दें कि घटना को करीब 14 दिन बीत चुके हैं, लेकिन कुचामन पुलिस नाबालिग का अब तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है. साथ ही, आरोपियों में से अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है. पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनकी बेटी 27 अगस्त को सुबह 11 बजे घर से दुकान प्रसाद लेने गई थी. इस दौरान कार में आए दो युवकों ने उसका अपहरण कर लिया. आरोपियों की पहचान कमल चौधरी पुत्र मोहनाराम चौधरी, निवासी राधे पब्लिक स्कूल के पास और दिनेश पुत्र गंगाराम कुमावत, निवासी रेगरी कोठी, कुचामनसिटी के रूप में हुई है.




















