चूरू: जिले में हाईवे से गुजर रहे एसयूवी सवार ग्राहकों नें जाति को लेकर चाय का ऑर्डर कैंसिल कर दिया. चाय वाले और ग्राहकों के बीच बहस का यह पूरा वीडियो सामने आया है. इस पूरे प्रकरण में सांड़वा थाने में एससी, एसटी की संगीन धाराओं में मामला दर्ज हुआ है.
सांड़वा थानाधिकारी करतार सिंह ने बताया कि थाना इलाके के एक शख्स ने थाने में दी. रिपोर्ट में बताया कि उसकी चाय और नाश्ते की दुकान है. 5 सितंबर को बीकानेर के नोखा की ओर से उसकी दुकान के आगे एक एसयूवी गाड़ी आकर रुकी और उसमें से कुछ लोगों ने उतर कर उसे चार चाय का ऑर्डर दिया. इसी दौरान गाड़ी सवार लोगों में से एक शख्स ने आकर मुझसे मेरा नाम और मेरी जाति पूछी. नाम और जाति बताने पर सभी लोग खड़े होकर वहां से जाने लगे.
पीड़ित ने दर्ज मामले में बताया कि मैंने उनसे कहा कि आपने चाय का ऑडर दिया था और चाय बनकर तैयार है तो उन्होंने कहा- हमें यहां बनी चाय नहीं पीनी. पीड़ित ने दर्ज मामले में बताया कि उसने जब चाय के पैसे मांगे तो गाड़ी सवार लोगों ने पैसे देने से मना करते हुए धमकी दी.
सीओ करेंगे मामले की जांच : सांड़वा थानाधिकारी करतार सिंह नें बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर सांड़वा थाने में बीएनएस की धाराओ में एससी, एसटी एक्ट में बीकानेर के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच सीओ प्रहलाद राय को सौंपी है.




















