कोटा : जिले के रामगंजमंडी इलाके में भारी बारिश हुई है. इसी के चलते दिल्ली मुंबई ट्रैक पर दरा घाटी के बीच पहाड़ी से भूस्खलन के चलते मलबा और पत्थर आकर गिर गया है. दरा घाटी में पहाड़ियों के बीच में से रेलवे ट्रैक गुजरता है. ऐसे में यह रेलवे ट्रैक वर्तमान में बाधित हो गया है. इसके चलते करीब एक दर्जन रेल गाड़ियां प्रभावित हो गई हैं. यह ट्रेन कई घंटे तक लेट हो चुकी है. इनमें कोटा की तरफ से आने और जाने वाली रेलगाड़ियां शामिल हैं. इन्हें रेल गाड़ियों को एक तरफ रावठा रोड व दरा स्टेशन पर रोका गया है, जबकि दूसरी तरफ रामगंजमंडी और मोड़क स्टेशन पर रोका गया है.
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा नागदा रेल खंड में भारी वर्षा से रेलवे ट्रैक पर पत्थर गिरने के कारण संरक्षा और सुरक्षा कारणों से ट्रेनों को रोका गया है. जल्द ही डाउन ट्रैक यानी कोटा की तरफ आने वाली रेलगाड़ियों को निकलना शुरू कर दिया है. धीरे-धीरे यातायात को बहाल किया जाएगा. इसके लिए पूरा रेलवे प्रशासन काम कर रहा है. कर्मचारी आवश्यक कार्रवाई इसको लेकर कर रहे हैं.
सीनियर डीसीएम जैन के मुताबिक यह घटनाक्रम मोड़क और दरा स्टेशन के बीच में सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुआ है. तब से ही ट्रैक पर रेल यात्रा बाधित हो गई थी, जिसे साढ़े 8 बजे एक तरफ से चालू किया है. ट्रेन नंबर 12909 बांद्रा टर्मिनस हजरत निजामुद्दीन गरीब, 12979 बांद्रा-जयपुर सुपरफास्ट, 04126 बांद्रा-सूबेदारगंज वीकली स्पेशल, 22674 मन्नारगुडी-भगत की कोठी सुपरफास्ट, ट्रेन नंबर 19020 हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस देहरादून एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 12416 नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी सुपरफास्ट, ट्रेन नंबर 22210 हजरत निजामुद्दीन मुंबई सेंट्रल दुरंतो सुपरफास्ट, ट्रेन नंबर 15636 गुवाहाटी ओखा एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 20156 नई दिल्ली-अंबेडकर नगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 12903 बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल और 12955 मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट शामिल है.
दरा घाटी में भी जाम जैसे हालात : भारी बारिश के चलते दरा घाटी के नदी नाले उफान पर आ गए हैं. ऐसे में नेशनल हाईवे 52 पर जाम जैसे हालात बन गए हैं. भारी वाहन घाटी से धीरे-धीरे निकल रहे हैं. दूसरी तरफ नाले उफान में होने के चलते वहां से यातायात अवरुद्ध भी हो रहा है. ऐसे में घाटी के दोनों छोर पर एक तरफ दरा और दूसरी तरफ कमलपुरा की तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है.




















