भरतपुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भरतपुर दौरे के दौरान कांग्रेस और गांधी परिवार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति वोट चोरी पर टिकी रही है. सोनिया गांधी वर्ष 1980 में मतदाता बन गईं, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता 1983 में मिली थी. यह साफ दर्शाता है कि कांग्रेस ने सत्ता के लिए मतदाता सूची से खिलवाड़ किया. साथ ही कहा कि जो लोग दुश्मन की भाषा बोलते हैं, वे इस देश के वफादार नागरिक नहीं हो सकते.
कांग्रेस पर सीधा निशाना : राठौड़ ने राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि वोट चोरी कांग्रेस के इतिहास में दर्ज है. 1980 में सोनिया गांधी मतदाता बन गईं, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता 1983 में मिली थी. यह कैसे संभव हुआ? जो इस देश की नागरिक ही नहीं थीं, उन्हें मतदाता सूची में दर्ज करा दिया गया तो वोट चोरी किसने शुरू की ? उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने षड्यंत्रपूर्वक बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े, उन्हें अब नाम कटने का दर्द होना स्वाभाविक है.
स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रवाद की कसौटी : प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बार स्वतंत्रता दिवस पूरे देश में उत्सव के रूप में मनाया गया. घर-घर तिरंगा अभियान ने विपक्ष की पोल खोल दी. जो लोग राष्ट्रवाद पर राजनीति करते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि अगर देश में हर स्तर पर राष्ट्रभक्ति होगी तो लोकतंत्र मजबूत होगा और भारत समृद्ध बनेगा. प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि संपन्नता और सुरक्षा में से सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए. आज भी कई राजनीतिक पार्टियां राष्ट्र से ज्यादा व्यक्ति और परिवार को प्राथमिकता देती हैं. ऐसे में युवाओं को चाहिए कि वे राष्ट्र और राष्ट्रवाद को वरीयता दें.
संगठन और सत्ता में तालमेल : कार्यकारिणी गठन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी एक निश्चित प्रक्रिया है और यह प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूरी की जाएगी. भरतपुर जिला कार्यकारिणी की सूची तैयार होकर आ चुकी है, जिसे एक सप्ताह या दस दिन में जारी कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सत्ता और संगठन में बहुत अच्छा तालमेल है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा चार बार प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं और हर कार्यकर्ता की जानकारी रखते हैं. जब संगठन का व्यक्ति ही मुख्यमंत्री बने तो तालमेल और बेहतर होता है.
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा के नेतृत्व में 51 किलो की फूलमाला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश प्रवक्ता शैलेश कौशिक, पूर्व प्रदेश मंत्री गिरधारी तिवारी, भानुप्रताप राजावत, महेंद्र सिंह जाटव, पूर्व सांसद रंजीता कोली, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र गोयल आदि मौजूद रहे.




















