जयपुर: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अन्य सेवाओं से आईएएस बने चार अधिकारियों की प्रकिया पर सवाल उठाए. दोनों नेताओं ने कहा कि अन्य सेवाओं से जो चार आईएएस बने हैं वो सामान्य वर्ग से हैं. क्या एससी, एसटी, ओबीसी और माइनॉरिटी से कोई नहीं मिला क्या?.
जूली ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट की कि ‘राजस्थान कैडर की अन्य सेवाओं से भारतीय प्रशासनिक सेवा में नवचयनित सभी अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं अच्छे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं, परंतु यह सोचनीय है कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने इसके चयन में किसी भी दलित, पिछड़े, आदिवासी या अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले अधिकारी को शामिल क्यों नहीं किया? विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने लिखा कि हमारे नेता राहुल गांधी भाजपा से उच्च पदों पर पिछड़े, दलित एवं आदिवासी वर्ग को प्रतिनिधित्व देने की लड़ाई लड़ रहे हैं. राजस्थान में कांग्रेस सरकार के समय अन्य सेवा से आईएएस बनाते समय सामान्य, दलित, पिछड़े सभी वर्गों के अधिकारियों को मौका दिया गया था. सामाजिक न्याय केवल कांग्रेस ही सुनिश्चित कर सकती है, यह अब स्पष्ट है कि भाजपा इन वर्गों को प्रतिनिधित्व न देकर केवल जुमलों से वोट लेती है’.




















